नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वाणिज्यिक उड़ानें शुरू, इंडिगो बनी उड़ान संचालन शुरू करने वाली पहली एयरलाइन

Indigo ChatGPT Image Dec 5, 2025, 12_16_26 PM (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

नई दिल्ली | उत्तर प्रदेश के जेवर में स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमवार, 15 जून से आधिकारिक तौर पर वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत हो गई. देश की दिग्गज विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने इस नए एयरपोर्ट से उड़ान संचालन शुरू किया.

एयरलाइन के अनुसार, पहली फ्लाइट लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची, जबकि इसके कुछ ही समय बाद पहली उड़ान बेंगलुरु के लिए रवाना हुई.

इंडिगो अब इस नए एयरपोर्ट को देश भर के 16 से अधिक गंतव्यों से सीधे जोड़ेगी.

इसके साथ ही अमृतसर-जोधपुर, बरेली-भोपाल, जयपुर और जोधपुर, धर्मशाला-जोधपुर, चंडीगढ़-बरेली, किशनगढ़ और पंतनगर, जम्मू-जोधपुर, जयपुर-धर्मशाला और पंतनगर, किशनगढ़-भोपाल तथा पंतनगर-जयपुर और जोधपुर जैसे 14 शहरों के बीच वन-स्टॉप कनेक्टिविटी भी उपलब्ध होगी.

इन कनेक्शनों से टियर-2 और टियर-3 शहरों को बड़े महानगरों से बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा, जिससे यात्रियों के लिए हवाई यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी.

इंडिगो के चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर आलोक सिंह ने कहा, “नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भारत की विमानन कहानी में एक नया अध्याय है. दिल्ली-एनसीआर अब दुनिया के उन चुनिंदा बड़े महानगरों में शामिल हो गया है जहां एक से अधिक एयरपोर्ट सेवाएं दे रहे हैं.”

यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे रणनीतिक रूप से स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. यह मौजूदा हवाई क्षमता को और मजबूत करेगा.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा, “इंडिगो की पहली उड़ान का स्वागत करना हमारे लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है. लॉन्च कैरियर के रूप में इंडिगो पहले दिन से ही एनआईए को भारत के प्रमुख शहरों से जोड़ेगी. इससे यात्रियों को अधिक विकल्प और सुविधा मिलेगी.”

उन्होंने कहा, “हम इंडिगो के साथ मिलकर यात्रियों को सहज यात्रा अनुभव देने और क्षेत्र में विमानन, व्यापार तथा पर्यटन के विकास को बढ़ावा देने के लिए काम करने को लेकर उत्साहित हैं.”

अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट का पहला चरण पूरा हो चुका है. यह एयरपोर्ट सालाना लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों को संभाल सकता है.

एयरपोर्ट के परिचालन ढांचे में एक रनवे, एकीकृत टर्मिनल भवन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर शामिल हैं.

IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!