CM केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में लगाई नई अर्जी, यह है उनकी मांग

Arvind Kejriwal (21) (1)
The Hindi Post

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की है. इसमें उन्होंने पीईटी-सीटी (PET-CT) स्कैन समेत कुछ और मेडिकल जांचे कराने के लिए अंतरिम जमानत को सात दिन और बढ़ाने की मांग की है.

सुप्रीम कोर्ट ने कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में CM केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत दी है. उनको दो जून को सरेंडर करना है.

CM अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाला मामले में ED ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था. आम आदमी पार्टी के मुताबिक, गिरफ्तार होने के बाद से CM केजरीवाल की तबीयत बिगड़ी है.

पार्टी का कहना है कि गिरफ्तार होने के बाद उनका वजन 7 किलो घट गया जिसकी वजह से उनका कीटोन लेवल काफी हाई हो गया है. AAP के अनुसार, यह काफी गंभीर मेडिकल डिसऑर्डर है.

पार्टी ने आगे कहा है कि CM को मेडिकल टेस्ट कराने के लिए 7 दिन का समय लगेगा.

सुप्रीम कोर्ट ने 17 मई को CM केजरीवाल की एक याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. इस याचिका में उन्होंने कथित शराब घोटाला मामले में ED द्वारा उनकी गिरफ्तारी और उसके बाद रिमांड को चुनौती दी थी.

इसमें कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट में फैसला सुरक्षित होने के बावजूद वह नियमित जमानत के लिए ट्रायल कोर्ट जा सकते हैं.

सुनवाई के दौरान, जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ ने कहा था कि CM केजरीवाल की रिहाई और आत्मसमर्पण की समयसीमा को लेकर उनका स्पष्ट आदेश है. उन्हें कोई विशेष छूट नहीं दी गई है.

इस बीच, प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले हफ्ते दिल्ली की एक अदालत में आवेदन दायर कर दो जून को सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम जमानत आदेश की समाप्ति पर अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए बढ़ाने की मांग की थी.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!