अमेरिका में पढ़ाई करने के लिए अभिजीत दीपके पैसा कहा से लाए ?, मिल गया इसका जवाब
फोटो: आईएएनएस
अमेरिका में पढ़ाई करने के लिए अभिजीत दीपके पैसा कहा से लाए ?, मिल गया इसका जवाब
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने अपनी अमेरिका में हुई पढ़ाई के खर्चों और पार्टी की फंडिंग को लेकर उठ रहे सभी सवालों का खंडन करते हुए स्थिति स्पष्ट की है. सूरत के आरटीआई कार्यकर्ता अमित तिवारी ने अभिजीत दीपके के पिता की सेवानिवृत्ति आय का हवाला देते हुए उनकी विदेश में हुई पढ़ाई के खर्च और सीजेपी की फंडिंग पर सवाल उठाए थे. साथ ही चुनाव आयोग और केंद्रीय जीएसटी आयुक्त से इस मामले की आधिकारिक जांच की मांग भी की थी.
स्कॉलरशिप और एजुकेशन लोन से पूरी की पढ़ाई
इन आरोपों का जवाब देते हुए वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त को दिए एक विशेष इंटरव्यू में अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी फंडिंग को लेकर किए जा रहे दावे पूरी तरह बेबुनियाद हैं. उन्होंने बताया कि उन्हें अमेरिका की प्रतिष्ठित बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप मिली थी. उन्होंने इसका प्रमाण (स्कॉलरशिप लेटर) भी प्रस्तुत किया. दीपके ने स्पष्ट किया कि पढ़ाई के बाकी खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने एजुकेशन लोन लिया था जिसे वह वर्तमान में चुका भी रहे हैं.
जनसहयोग से हुआ आंदोलन, क्राउड फंडिंग से चलेगी पार्टी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए नीट (NEET) विरोध प्रदर्शन की फंडिंग पर बात करते हुए दीपके ने कहा कि इस आंदोलन को आम जनता का सीधा सहयोग मिला था. प्रदर्शन में शामिल छात्र और नागरिक खुद खाना-पानी साथ ला रहे थे और देशभर से भी लोग मदद भेज रहे थे. उन्होंने यह दावा भी किया कि दिल्ली पुलिस के कुछ जवानों ने, जिनके बच्चे खुद नीट की तैयारी कर रहे हैं, पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर प्रदर्शनकारियों को पानी की बोतलें पहुंचाकर अपना समर्थन जताया था.
भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि सीजेपी आगे पूरी पारदर्शिता बनाए रखते हुए क्राउड फंडिंग के जरिए ही अपनी गतिविधियां संचालित करेगी.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
