कलयुगी पति की हैवानियत: मकान का किराया नहीं चुका पाया तो पत्नी और नाबालिग बेटी को दरिंदों के हवाले किया
सांकेतिक फोटो | (फोटो क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)
कलयुगी पति की हैवानियत: मकान का किराया नहीं चुका पाया तो पत्नी और नाबालिग बेटी को दरिंदों के हवाले किया
गुजरात के मोरबी से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां मकान का किराया न चुका पाने पर एक कलयुगी पति ने अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी को कथित तौर पर मकान मालिक के हवाले कर दिया. इसके बाद मकान मालिक और उसके एक रिश्तेदार ने महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म किया. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और मकान मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
आर्थिक तंगी और दरिंदगी की इंतिहा
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित महिला की मां ने मोरबी पुलिस स्टेशन में इस घिनौनी करतूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, करीब छह महीने पहले यह परिवार रोजगार की तलाश में मोरबी आया था. यहां पति ने 2,000 रुपये प्रति माह पर एक मकान किराए पर लिया. कोई स्थायी काम न मिलने के कारण परिवार भारी आर्थिक तंगी से घिर गया और वह मकान का किराया देने में असमर्थ रहा.
आरोप है कि किराया न चुका पाने के एवज में पति की सहमति से मकान मालिक ने पहले 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया. इसके बाद मकान मालिक और उसके रिश्तेदार ने महिला और उसकी बेटी को डरा-धमकाकर अपने घर, किराए के मकान और टंकारा इलाके में ले जाकर बार-बार उनके साथ दुष्कर्म किया.
पॉक्सो और बीएनएस के तहत कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए महिला के पति, मकान मालिक और उसके रिश्तेदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
मोरबी सिटी ‘ए’ डिवीजन के पुलिस निरीक्षक वाई.बी. जडेजा ने कहा कि मुख्य आरोपी मकान मालिक और पीड़िता के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
वही पुलिस दल इस घिनौने अपराध में शामिल फरार रिश्तेदार की तलाश में लगातार छापेमारी कर रहा है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
