आर्केस्ट्रा में नाबालिग लड़कियों का शोषण, कराया जाता था गंदा काम, 17 को….

CHHPRA

इस मामले की जानकारी देते हुए सारण एसपी (फोटो क्रेडिट : IANS)

The Hindi Post

सारण | बिहार के सारण जिले में नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के पत्र के आधार पर सारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर महिला थाना की एक विशेष टीम ने जिले के मशरख, पानापुर और इसुआपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी की और 17 नाबालिग लड़कियों को आर्केस्ट्रा संचालकों के चंगुल से मुक्त कराया. इस कार्रवाई में कई आर्केस्ट्रा संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

सारण एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ आर्केस्ट्रा संचालक फिल्मों और एल्बम में करियर बनाने का लालच देकर नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अश्लील डांस और शारीरिक शोषण के लिए मजबूर कर रहे हैं. इस सूचना के आधार पर महिला थाने की एक विशेष टीम गठित की गई जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए मशरख, पानापुर और इसुआपुर के विभिन्न आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान 17 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया जिन्हें शोषण और अश्लील गतिविधियों के लिए मजबूर किया जा रहा था.

एसपी ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक जिले में 162 नाबालिग लड़कियों को इस दलदल से निकाला जा चुका है. इस दौरान 21 मामले दर्ज किए गए हैं और 56 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. इन आर्केस्ट्रा संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और इस तरह के गैरकानूनी कार्यों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.

ऑर्केस्ट्रा से रेस्क्यू की गई लड़कियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है जहां उनकी काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

पुलिस ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि कोई भी नाबालिग इस तरह के शोषण का शिकार न बन सके.

 

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!