कांग्रेस दफ्तर में जबरदस्त बवाल: भिड़े कार्यकर्ता और नेता, जमकर चले जूते-चप्पल, गूंजीं गालियां, सामने आया VIDEO

Chaos at UP Congress Event

फोटो क्रेडिट/ आईएएनएस

The Hindi Post

कांग्रेस दफ्तर में जबरदस्त बवाल: भिड़े कार्यकर्ता और नेता, जमकर चले जूते-चप्पल, गूंजीं गालियां, सामने आया VIDEO

 

लखनऊ | उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी के भीतर का विवाद खुलकर सामने आ गया. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और आराधना मिश्रा के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई. घटना के बाद मुख्यालय में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी और गहमागहमी का माहौल बना रहा. घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान अजय राय अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे. इसी बीच पार्टी की एक महिला नेता और अजय राय के बीच बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई. इसके बाद अजय राय नाराज होकर कार्यालय से बाहर निकल गए. उनके समर्थकों ने संबंधित महिला नेता को बाहर करने और माफी मांगने की मांग रखी. उनका कहना था कि मांग पूरी होने के बाद ही अजय राय कार्यालय के भीतर लौटेंगे.


मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब पदभार ग्रहण समारोह में मौजूद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ा और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. इस दौरान गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जूते-चप्पल चलने की खबर सामने आई. कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

विपक्ष के बड़े नेता का दावा : “गिर सकती है केंद्र सरकार…”, समय भी बताया, देखें VIDEO

विवाद के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने साथ बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया. स्थिति बिगड़ती देख राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने हस्तक्षेप किया. नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ भी अजय राय को मनाने के प्रयास में जुटीं. बताया जा रहा है कि प्रमोद तिवारी के आश्वासन के बाद अजय राय दोबारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे. वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभालने की कोशिश की गई.

हालांकि, समारोह के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर आपसी मतभेदों को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है. फिलहाल, पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों के आरोपों और विवाद की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

BY IANS

यूपी कांग्रेस में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान बवाल, समर्थकों में भिड़ंत

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!