भीषण सड़क हादसा: कार और ट्रक की टक्कर, एक की मौत
फोटो: आईएएनएस
बुलढाणा । महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से गुजर रहे समृद्धि हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक तेज रफ्तार कार को ट्रक ने टक्कर मार दी. इस हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई.
दरअसल, यह दुर्घटना समृद्धि हाईवे के डोनगांव के पास हुई. बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के 3 बजे समृद्धि हाईवे के डोनगांव के पास एक तेज रफ्तार कार को ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और इस हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ. मृतक की पहचान वाशिम जिले के मनका निवासी भूषण बलिराम मगर के रूप में हुई है. हादसा उस समय हुआ जब वह अपने व्यवसाय के सिलसिले में छत्रपति संभाजीनगर से घर जा रहा था.
2 जून को महाराष्ट्र के बीड में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी. मृतकों में पति-पत्नी भी शामिल थे जो सभी किसी विवाद को सुलझाने के लिए शिरसला से भाट वडगांव जा रहे थे. रास्ते में ट्रक से हुई जोरदार टक्कर में उनकी जान चली गई.
इससे पहले, 19 मई को महाराष्ट्र के मुंबई-गोवा हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी और ड्राइवर घायल हो गया था.
बीते दिनों में महाराष्ट्र से कई दुर्घटनाएं सामने आई हैं. 28 अप्रैल को महाराष्ट्र के भंडारा में एक सड़क हादसा सामने आया था जहां चार लोगों की मौत हो गई थी. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था. यह भीषण दुर्घटना मुंबई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भंडारा शहर के निकट बेला गांव में हुई थी.
