प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक, लिए गए ये निर्णय
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक, लिए गए ये निर्णय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई दूरगामी और महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों को मंजूरी दी गई.
कैबिनेट के प्रमुख फैसले एक नजर में –
जल जीवन मिशन (JJM) का विस्तार: ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाले ‘जल जीवन मिशन’ की अवधि को दिसंबर 2028 तक बढ़ा दिया गया है. सरकार ने इसका कुल बजट बढ़ाकर 8.7 लाख करोड़ रुपये कर दिया है. अब केंद्र सरकार का ध्यान बुनियादी ढांचे के साथ-साथ सेवा की गुणवत्ता पर होगा जिसके लिए राज्यों के साथ तीन माह में विशेष समझौते (MoU) किए जाएंगे.
मदुरै एयरपोर्ट बना ‘इंटरनेशनल’: तमिलनाडु के मदुरै हवाई अड्डे को आधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित कर दिया गया है. इस फैसले से रामेश्वरम और मीनाक्षी अम्मन मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचना आसान होगा. साथ ही, इससे क्षेत्र के ऑटोमोबाइल, केमिकल और ग्रेनाइट उद्योगों को वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान मिलेगी.
कानूनी संशोधन: मंत्रिमंडल ने दिवाला एवं दिवालियापन संहिता (IBC) और कंपनी अधिनियम में संशोधनों को मंजूरी दी है. इन बदलावों का उद्देश्य कॉरपोरेट विवादों और दिवाला समाधान की प्रक्रिया को तेज करना है. सरकार बजट सत्र के वर्तमान चरण में इससे जुड़ा संशोधन विधेयक पेश कर सकती है.
पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रालयों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि वैश्विक संघर्षों का असर भारतीय नागरिकों और अर्थव्यवस्था पर कम से कम पड़े. इसके लिए सभी विभाग पूरी तैयारी सुनिश्चित करें.
Hindi Post Dot In
