खाना खाया और……., होटल के कमरे में मृत मिला ब्रिटिश नागरिक, सीसीटीवी…..
सांकेतिक तस्वीर : फोटो क्रेडिट: (आईएएनएस/IANS)
खाना खाया और……., होटल के कमरे में मृत मिला ब्रिटिश नागरिक, सीसीटीवी…..
पटना | पटना के एक होटल के कमरे से ब्रिटिश नागरिक का शव संदिग्ध परिस्थिति बरामद हुआ है. वह सेवानिवृत्त होकर भारत आए थे और पटना के एक होटल में ठहरे थे. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि ब्रिटिश नागरिक अजय कुमार शर्मा पटना के एक होटल में 18 जनवरी से ठहरे हुए थे. होटल के कर्मचारियों का कहना है कि रविवार को उन्होंने खाना खाया था लेकिन सोमवार को उनके कमरे में किसी तरह की गतिविधि नहीं हुई. न तो वह कमरे से बाहर आए और न ही कोई फोन आया.
सुबह के समय उनके कमरे का दरवाजा कई बार खटखटाया गया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इस कारण होटल कर्मियों को कुछआशंका हुई. उन्होंने पुलिस को सूचना पुलिस दी. जक्कनपुर थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की.

दरवाजा खुलने के बाद अजय कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ. घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और होटल के कर्मचारियों से पूछताछ की. होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और रिसेप्शन पर मौजूद एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की भी जांच की गई.
जक्कनपुर थाना के थाना प्रभारी ऋतुराज कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. कमरे में प्रवेश करने के लिए कमरे का दरवाजा तोड़ना पड़ा. अंदर अजय कुमार शर्मा अपने बेड पर मृत अवस्था में मिले.
एफएसएल टीम द्वारा कमरे का निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है. मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है.
