सिडनी हमलावरों के संबंध में भारतीय पुलिस ने दिया बयान, बहुत बड़ी जानकारी सामने आई….
साजिद और नवीद के रूप में हमलावरों की पहचान हुई है (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
सिडनी हमलावरों के संबंध में भारतीय पुलिस ने दिया बयान, बहुत बड़ी जानकारी सामने आई….
सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) के बॉन्डी बीच पर 14 दिसंबर को हुए आतंकी हमले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. इस हमले में 16 निर्दोष लोगों की मौत हुई थी और 60 से अधिक लोग घायल हुए थे. तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने पुष्टि की है कि इस हमले को अंजाम देने वाले बाप-बेटे की जोड़ी का संबंध भारत के हैदराबाद से है.
तेलंगाना के डीजीपी के अनुसार, हमले का मुख्य आरोपी साजिद अकरम मूल रूप से हैदराबाद का निवासी है. वह वर्ष 1998 में, करीब 27 साल पहले, भारत छोड़कर ऑस्ट्रेलिया चला गया था. डीजीपी ने स्पष्ट किया कि साजिद अकरम के खिलाफ तेलंगाना पुलिस के पास कोई भी आपराधिक या प्रतिकूल रिकॉर्ड मौजूद नहीं है. यह तब की बात है जब वो भारत में रहता था.
डीजीपी ने बताया कि साजिद अकरम ने हैदराबाद से बी.कॉम की पढ़ाई पूरी की थी और नौकरी की तलाश में वह ऑस्ट्रेलिया गया था. वहां उसने यूरोपीय मूल की महिला वेनेरा ग्रोसो से विवाह किया और बाद में स्थायी रूप से ऑस्ट्रेलिया में बस गया. दंपती के दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी. बेटा नवीद अकरम भी बॉन्डी बीच हमले के आरोपियों में शामिल है.
पुलिस के अनुसार, साजिद अकरम के पास वर्तमान में भारतीय पासपोर्ट है, जबकि उसके बेटे नवीद अकरम और बेटी का जन्म ऑस्ट्रेलिया में हुआ है और वे दोनों ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं. डीजीपी ने बताया कि भारत में रह रहे उसके रिश्तेदारों से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 27 वर्षों में साजिद अकरम का अपने हैदराबाद स्थित परिवार से संपर्क बहुत सीमित रहा. ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद वह केवल छह बार भारत आया. वह अपने पिता की मृत्यु के समय भी भारत नहीं आया था. परिवार के सदस्यों ने यह भी कहा कि उन्हें साजिद के किसी कट्टरपंथी विचार या गतिविधियों की जानकारी नहीं थी.
तेलंगाना के डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि साजिद अकरम और उसके बेटे नवीद के कट्टरपंथी बनने के पीछे भारत या तेलंगाना से जुड़ा कोई कारण सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर तेलंगाना पुलिस केंद्रीय एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों के साथ पूरा सहयोग करेगी.
गौरतलब है कि 14 दिसंबर को यहूदियों के त्योहार हनुक्का के अवसर पर सिडनी के बॉन्डी बीच पर हजारों लोगों की भीड़ मौजूद थी. इसी दौरान साजिद अकरम और उसके बेटे नवीद अकरम ने करीब 20 मिनट तक अंधाधुंध फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में साजिद अकरम मारा गया जबकि नवीद अकरम गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है.
By IANS
