बारामती विमान हादसा: मिल गया विमान का वो उपकरण जिसे खोजा जा रहा था, अब ……
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
बारामती विमान हादसा: मिल गया विमान का वो उपकरण जिसे खोजा जा रहा था, अब ……
मुंबई | केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जानकारी दी है कि बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का ब्लैक बॉक्स मिल गया है. इस विमान में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सवार थे. विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण उनका दुखद निधन हो गया. यह हादसा बुधवार सुबह हुआ.
उड्डयन मंत्री नायडू ने मुख्यमंत्री फडणवीस को पत्र लिखा है. अपने पत्र की शुरुआत केंद्रीय मंत्री ने इस “दुर्भाग्यपूर्ण घटना” में प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए की है और इस बात पर बल दिया है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय इस पूरे मामले को “अत्यंत गंभीरता” से ले रहा है.
पत्र के अनुसार, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने नियमों के तहत औपचारिक जांच शुरू कर दी है.
AAIB और नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थी. ब्लैक बॉक्स यानी फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की बरामदगी से विमान के अंतिम पलों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है.
तकनीकी रिकॉर्ड, ऑपरेशनल लॉग और घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि विमान हादसा कैसे हुआ इसके बारे में पता लगाया जा सके. मंत्री नायडू ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी तरह गहन, पारदर्शी और समयबद्ध होगी और इसे एयरक्राफ्ट (दुर्घटना और घटनाओं की जांच) नियम, 2025 के तहत किया जाएगा.
IANS/Hindi Post Dot In
