भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने एक के बाद एक….

firing

सांकेतिक तस्वीर

The Hindi Post

बिहार के पटना जिले में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता की हत्या कर दी गई है. वारदात पुनपुन प्रखंड के पीपरा थाना क्षेत्र स्थित शेखपुरा गांव में शनिवार रात को हुई. मृतक की पहचान 52 वर्षीय सुरेंद्र केवट के रूप में हुई है. वह पुनपुन के भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके थे. बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें गोलियों से भून दिया. अपराधियों ने एक के बाद एक, चार गोलियां मारीं. घटना के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में पटना एम्स ले गए. वहां इलाज के दौरान भाजपा नेता की मौत हो गई.

बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. थानाध्यक्ष आरके पाल ने कहा कि फिलहाल परिजन आरोपियों के बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं. परिजन द्वारा लिखित शिकायत के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की छानबीन में जुट गई है.

विष्णुदेव केवट के बेटे सुरेंद्र केवट परिवार के साथ शेखपुरा गांव में रहते थे. वह पुनपुन प्रखंड भाजपा नेता होने के साथ ही ग्रामीण पशु चिकित्सक थे और खेती-किसानी भी किया करते थे. पद पर नहीं होने के बावजूद वह राजनीतिक रूप से क्षेत्र में काफी सक्रिय थे.

बताया जा रहा है कि शनिवार को उनके खेत का पटवन किया जा रहा था. भाजपा नेता सुरेंद्र केवट शनिवार रात घर से खाना खाकर बाइक से गांव से बाहर बिहटा-सरमेरा स्टेट हाइवे-78 के किनारे स्थित अपने खेत में लगे केबिन पर मोटर बंद करने गए थे. घर आने के लिए जैसे ही वह अपनी बाइक पर सवार हो रहे थे, तभी एक मोटर साइकिल से दो बदमाश वहां पहुंचे. उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. सुरेंद्र केवट को 4 गोलियां मारने के बाद अपराधी पुनपुन की ओर फरार हो गए.

गोली चलने की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोग जब मौके पर पहुंचे तो पाया कि भाजपा नेता जख्मी हालत में पड़े हुए हैं. बाद में परिजन लहूलुहान सुरेंद्र केवट को एम्स ले गए. वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उधर, घटना की सूचना के बाद पीपरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. आपसी रंजिश अथवा राजनीतिक दुश्मनी में सुरेंद्र केवट की हत्या की आशंका जताई जा रही है.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!