4 ऑर्केस्ट्रा कलाकारों की हुई मौत, मच गया रोना-धोना, क्या बताया पुलिस ने…?

DEAD BODY

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

4 ऑर्केस्ट्रा कलाकारों की हुई मौत, मच गया रोना-धोना, क्या बताया पुलिस ने…?

 

छपरा | सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वैन के अनियंत्रित होकर पलटने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं.

पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना छपरा-रिविलगंज मार्ग पर भगवान बाजार थाना के पीएन सिंह कॉलेज के पास हुई है. घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, पिकअप में ऑर्केस्ट्रा कर्मी सवार थे.

बताया गया कि एक मांगलिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देकर आर्केस्ट्रा टीम के लोग एक पिकअप वैन में सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान न्याय बस्ती लोहा टोला के समीप पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई. वाहन में कुल 10 लोग सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप वैन तेज रफ्तार से जा रही थी और सामने से उस समय एक ट्रक भी गुजर रहा था.

इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत तथा बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है. इस दुर्घटना के बाद इलाके में शोक है. बताया जाता है कि मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

IANS

बिहार में सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप पलटने से यूपी के 4 ऑर्केस्ट्रा कर्मियों की मौत, 6 घायल

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!