बिहार: कटिहार में बस और पिकअप की भीषण टक्कर, 10 की मौत, कई घायल
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - Deposit Photos)
बहुत ही भयानक: 10 लोगों की मौके पर मौत, 25 से अधिक घायल, मच गई चीख-पुकार
कटिहार | बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ. यात्री बस और पिकअप वैन के बीच टक्कर होने से 10 लोगों की मौत हो गई. वही 25 से ज्यादा लोग घायल हुए है.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना गेड़ाबाड़ी की है. यह एक्सीडेंट राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बसगाड़ा चौक बकरी फार्म के पास हुआ. इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पिकअप सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर लौट रहे थे.
इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी. इस आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई है. कटिहार पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि शनिवार को कटिहार जिले के थाना कोढ़ा क्षेत्र अंतर्गत गेड़ाबाड़ी के समीप एक बस एवं पिकअप वाहन के बीच भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई जिसमें अब तक 10 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है.
घटना की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया. दुर्घटना में घायल लगभग 25 व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है.
पुलिस का दावा है कि घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रण में है तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू किया जा रहा है. इधर, सभी शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. घटना के बाद इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है. मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है. घायलों में कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
IANS
Bihar: 10 killed, 25 injured in Katihar road accident
