पेंटागन की रिपोर्ट में चीन को लेकर बड़ा खुलासा; 2020 में गलवान घाटी में चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच हुई थी हिंसक झड़प

India China Flag

प्रतीकात्मक फोटो

The Hindi Post

अमेरिकी रक्षा विभाग – पेंटागन की एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि चीन ने भारत से सटी एलएसी (सीमा) पर 2022 में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य किए और अपनी सेना की तैनाती को भी बढ़ाया.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच चीन ने डोकलाम के पास नई सड़कें, बंकर, पैंगोंग झील पर एक दूसरा पुल और एलएसी के पास एक दोहरे उद्देश्य वाला हवाई अड्डा और कई हेलीपैड तैयार किए हैं.

रिपोर्ट के अनुसार “चीन ने जो निर्माण कार्य यहां किए हैं उनमें डोकलाम के पास भूमिगत भंडारण सुविधाएं, एलएसी के सभी तीन क्षेत्रों में नई सड़कें, पड़ोसी भूटान में विवादित क्षेत्रों में नए गांव, पैंगोंग झील पर एक दूसरा पुल, सेंटर सेक्टर के पास एक दोहरे उद्देश्य वाला हवाई अड्डा और कई हेलीपैड शामिल हैं.’

रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन ने साल 2022 में एक बॉर्डर रेजीमेंट तैनात की थी और उसकी मदद के लिए शिनजियांग और तिब्बत मिलिट्री डिस्ट्रिक्ट की दो डिविजन की भी तैनाती की गई थी. इनके साथ चार कंबाइंड आर्म्ड ब्रिगेड भी वेस्टर्न सेक्टर में एलएसी पर तैनात की गई हैं जबकि तीन कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड (सीएबी) ईस्टर्न सेक्टर में और तीन ब्रिगेड सेंट्रल सेक्टर में तैनात की गई हैं.

हालांकि कुछ ब्रिगेड को एलएसी से हटा लिया गया था लेकिन उसके बावजूद अधिकतर सैनिक वास्तविक नियंत्रण रेखा के करीब तैनात हैं.

जून 2020 में गलवान घाटी में चीनी सैनिकों और भारतीय गश्ती दल के बीच जबरदस्त झड़प हुई थी जो दोनों देशों के बीच 45 वर्षों में सबसे हिंसक झड़प थी.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post
error: Content is protected !!