लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, कई नेताओं ने ली भाजपा की सदस्यता

leaders from congress join bjp (1)
The Hindi Post

भोपाल | लोकसभा चुनाव को अब ज्यादा समय नहीं बचा है. सभी दल चुनाव की तैयारी में लगे है. ऐसे में नेताओं का कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में शामिल होने का सिलसिला जारी है. एक बार फिर से मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हुए है.

कांग्रेस के मालवा-निमांड इलाके (मध्य प्रदेश) के कई दिग्गज मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए.

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश शासन के मंत्री इंदरसिंह परमार की मौजूदगी में कांग्रेस के शाजापुर के पूर्व जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह जादौन, आगर नगरपालिका अध्यक्ष निलेश पटेल, पूर्व मंडी अध्यक्ष चंदरसिंह मेवाड़ा, शाजापुर जिला कांग्रेस प्रवक्ता गोविंद शर्मा, जिला महामंत्री विजेंद्र पाटीदार सहित जिले के 2500 से अधिक कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, सरपंच और पूर्व सरपंच भाजपा के मेंबर बन गए है.

भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेताओं ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पार्टी में शामिल होने वाले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा, “यह भरत मिलाप हुआ है. आज इस भरत मिलाप से इंद्र देवता भी प्रसन्न हुए और हल्की बारिश भी की. आप लोगों ने उसी प्रकार से कांग्रस छोड़ी है, जिस प्रकार देश को आजाद कराने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने कांग्रेस छोड़ी थी.”

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा, “आप सभी किसी दल नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य बने हैं.” भाजपा में शामिल होने के बाद योगेंद्र सिंह जादौन ‘बंटी बना‘ ने कहा, “मैं 51 साल बाद वापस भाजपा में शामिल हो रहा हूं. 1973 तक मेरा परिवार जनसंघ में था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने और अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण से प्रभावित होकर मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!