लिव-इन पार्टनर ने 20 वर्षीय युवती को उतारा मौत के घाट ! इस खौफनाक तरीके से वारदात को दिया अंजाम
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
लिव-इन पार्टनर ने 20 वर्षीय युवती को उतारा मौत के घाट ! इस खौफनाक तरीके से वारदात को दिया अंजाम
बेंगलुरु | कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां के मल्लेश्वरम इलाके में 20 वर्षीय युवती की उसके ही लिव-इन पार्टनर ने कथित तौर पर गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका की पहचान अनुषा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान 25 वर्षीय शरथ के तौर पर की गई है. ये दोनों मूल रूप से हासन जिले के सकलेशपुर के रहने वाले थे.
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, मामूली विवाद में दी खौफनाक मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनुषा और शरथ की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और दोनों पिछले छह महीनों से मल्लेश्वरम में एक किराए का मकान लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. आरोपी शरथ पेशे से ड्राइवर था.
बताया जा रहा है कि शनिवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शरथ ने अनुषा का गला घोंट दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
खुद वकील को दी वारदात की जानकारी; पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा सोमवार को तब हुआ जब आरोपी शरथ ने खुद अपने वकील के पास जाकर इस वारदात की बात कबूली. वकील ने बिना वक्त गंवाए तुरंत स्थानीय पुलिस को इस बात की सूचना दी.
जानकारी मिलते ही शेषद्रिपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खोलकर अनुषा का शव बरामद किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्परता से तलाशी अभियान चलाया और आरोपी शरथ को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी और मेडिकल औपचारिकताओं के बाद अनुषा का शव उसके शोक संतप्त परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है.
IANS
बेंगलुरु में लिव-इन पार्टनर ने महिला की गला घोंटकर हत्या की
