महिला ने अपने लैब्राडोर कुत्ते का गला काट के उसे मार डाला, शव को 4 दिन तक फ्लैट में छुपाए रखा
सांकेतिक तस्वीर | पिक्साबे
कर्नाटक पुलिस ने पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. युवती पर आरोप है कि उसने अपने पालतू कुत्ते को तंत्र-मंत्र के चलते मार डाला. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
जिस युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है उसकी पहचान त्रिपर्णा पेक के रूप में हुई है. युवती के खिलाफ शिकायत बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका के सहायक स्वास्थ्य निदेशक रुद्रेश कुमार केएल द्वारा दर्ज कराई गई थी.
पुलिस के मुताबिक, युवती के फ्लैट से कुत्ते का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. कुत्ते की गला काटकर हत्या की गई थी और उसके शव को कपड़े से ढक कर छिपा दिया गया था.
जांचकर्ताओं का मानना है कि कुत्ते की हत्या चार दिन पहले ही कर दी गई थी. उसका शव सड़ने लगा था जिस कारण दुर्गंध आने लगी थी. दुर्गंध आने से ही इस मामले का खुलासा हुआ.
जब पुलिस अधिकारियों ने महिला के फ्लैट में प्रेवश किया तब वहां देखा कि दो कुत्तों की स्थिति बहुत ही दयनीय थी. वहीं एक अन्य कुत्ते की लाश कमरे में पड़ी हुई थी. इस फ्लैट के एक कमरे में उनको कथित तौर पर अनुष्ठानिक पूजा के साक्ष्य मिले.
प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि युवती के चार पालतू कुत्तों में से एक गायब हो गया था. अब यह संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि लापता कुत्ते की भी बलि दी गई होगी.
यह एफआईआर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और भारतीय न्याय संहिता अधिनियम की धारा 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 226 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए आत्महत्या का प्रयास), 325 (पशु की हत्या करके शरारत), 3(5) (आपराधिक कृत्य करने का सामान्य इरादा), 271 (संक्रमण फैलाने की संभावना वाला लापरवाही भरा कृत्य) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत दर्ज की गई है.
पुलिस ने कहा कि वो महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी. फिलहाल जांच जारी है.
Reported By: IANS, Written By: Hindi Post Web Desk
