रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामला: आईईडी के इस्तेमाल की आशंका, स्थानीय लोगों ने देखे ‘संदिग्ध’

Blast In Rameshwaram Cafe Bengaluru

फोटो: सोशल मीडिया

The Hindi Post

बेंगलुरु | बेंगलुरु के एक कैफे में शुक्रवार को हुए विस्फोट की प्रारंभिक जांच में कम तीव्रता वाले इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के इस्तेमाल का पता चला है. विस्फोट में कम से कम पांच लोग घायल हुए है.

अधिकारियों ने इस मामले में दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई है. घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई गई है.

सूत्रों ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद पूरा कैफे काले धुएं से भर गया.

घटना दोपहर करीब 1.15 बजे की है. दोपहर के भोजन के समय कैफे में बड़ी संख्या में लोग जमा थे. सूत्रों ने बताया कि ज्यादातर कस्टमर आईटी प्रोफेशनल थे. कैफे इंदिरानगर के पास कुंडलहल्ली गेट क्षेत्र में स्थित है. इसे आईटी गलियारा माना जाता है.

पुलिस ने मौके से नट और बैटरियों से भरा बैग बरामद किया है. अधिकारियों को यह भी संदेह है कि यह काम बिजनेस राइवेलरी का नतीजा हो सकता है.

एक अधिकारी ने कहा, ”हम किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं.”

सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों ने एलपीजी सिलेंडर विस्फोट की संभावना से इनकार किया है, जैसा कि शुरू में अंदेशा था. सूत्रों ने रसोई में गैस पाइप या बॉयलर से रिसाव की संभावना से भी इनकार किया है.

पुलिस को विस्फोट में घायल हुई एक महिला बैंक कर्मचारी का आईडी कार्ड मिला है. सबूत हासिल करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है.

इस बीच, बेंगलुरु दक्षिण से भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि उन्होंने रामेश्वरम कैफे के संस्थापक श्री नागराज से बात की है, जिन्होंने उन्हें बताया कि विस्फोट एक बैग के कारण हुआ जिसे एक ग्राहक वहां छोड़ गया था. यह सिलेंडर ब्लास्ट नहीं था.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!