स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने दिया इस्तीफा
यह तस्वीर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा ट्विटर पर साझा की गई
लखनऊ | भारतीय जनता पार्टी को दूसरा बड़ा झटका लगा है। श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद के बाद वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी आज मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। दारा सिंह मऊ जिले की मधुबन विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने राज्यपाल को भेजी चिट्ठी में योगी सरकार पर दलितों, पिछड़ों और युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया है।

दारा सिंह चौहान ने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मंत्रिमंडल में वन पर्यावरण और जन्तु उद्यान मंत्री के रूप में मैंने पूरे मनोयोग से अपने विभाग की बेहतरी के लिए कार्य किया, किन्तु सरकार की पिछड़ों, वंचितों, दलितों, किसानों और बेरोजगार नौजवानों की घोर उपेक्षात्मक रवैये के साथ-साथ पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के साथ जो खिलवाड़ हो रहा है, उससे आहत होकर मैं उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल से इस्तीफा देता हूं।”

दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देने के कुछ देर बाद वह समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ खड़े नजर आए।
अखिलेश यादव ने ट्विटर पर दारा सिंह चौहान के साथ अपनी एक फोटो साझा की और लिखा, “‘सामाजिक न्याय’ के संघर्ष के अनवरत सेनानी श्री दारा सिंह चौहान जी का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन!
सपा व उसके सहयोगी दल एकजुट होकर समता-समानता के आंदोलन को चरम पर ले जाएँगे… भेदभाव मिटाएँगे! ये हमारा समेकित संकल्प है!
सबको सम्मान ~ सबको स्थान!”
#मेला_होबे
‘सामाजिक न्याय’ के संघर्ष के अनवरत सेनानी श्री दारा सिंह चौहान जी का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन!
सपा व उसके सहयोगी दल एकजुट होकर समता-समानता के आंदोलन को चरम पर ले जाएँगे… भेदभाव मिटाएँगे! ये हमारा समेकित संकल्प है!
सबको सम्मान ~ सबको स्थान!#मेला_होबे pic.twitter.com/rGxMYUyvsd
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 12, 2022
ज्ञात हो कि यूपी विधानसभा चुनाव में 24 घण्टे में बड़ा उलटफेर नजर आया है। स्वामी प्रसाद के इस्तीफे के बाद कई विधायक और मंत्री के इस्तीफे की चर्चा थी। वह बात सही साबित हुई।
आईएएनएस
