नाम बदला, हुलिया बदला, यहां तक कि हिंदू से हो गया मुसलमान….., 36 साल बाद पकड़ा गया हत्यारा, कैसे हुआ अरेस्ट ?
36 साल की फरारी के बाद पकड़ा गया अपराधी प्रदीप कुमार सक्सेना / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
नाम बदला, हुलिया बदला, यहां तक कि हिंदू से हो गया मुसलमान….., 36 साल बाद पकड़ा गया हत्यारा, कैसे हुआ अरेस्ट ?
बरेली | यूपी के बरेली से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक अपराधी को पुलिस ने 36 साल बाद पकड़ा है. वह इतने सालों से फरार था.
70 वर्षीय प्रदीप कुमार सक्सेना को धारा 302 (हत्या) और 379 (चोरी) में दोषी ठहराया गया था. उसे वर्ष 1987 में हत्या और चोरी के केस में सजा सुनाई गई थी. उसने हाई कोर्ट में अपील की थी. उसे पैरोल मिल गई थी. इस पैरोल का दुरुपयोग करते हुए वह फरार हो गया था और तब से लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था. यह मामला थाना प्रेम नगर क्षेत्र का है.
नाम और धर्म बदलकर नया जीवन
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि फरार होने के बाद प्रदीप ने अपनी पहचान बदल ली थी. उसने मुस्लिम धर्म अपना लिया था और नया नाम अब्दुल रहीम उर्फ सक्सेना ड्राइवर रख लिया था. वह मुरादाबाद के मोहल्ला करूला में रहने लगा था जहां उसने एक मुस्लिम विधवा महिला से शादी भी कर ली थी. वह यहां नई पहचान के साथ रह रहा था.
हाई कोर्ट के आदेश के बाद सक्रिय हुई पुलिस
16 अक्टूबर 2025 को हाई कोर्ट ने आदेश दिया था कि प्रदीप को चार सप्ताह में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाए. एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर सीओ नगर प्रथम आशुतोष शिवम की निगरानी में एक विशेष टीम बनाई गई. इस टीम ने प्रदीप के पैतृक कस्बा शाही में उसके परिवार से पूछताछ की. उसके भाई और पत्नी ने बताया कि प्रदीप ने धर्म बदल लिया है और मुरादाबाद में रहता है. पुलिस ने तुरंत दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया.
36 साल की फरारी पर लगा विराम
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि प्रदीप ने पुलिस से बचने के लिए पहचान, हुलिया और धर्म — तीनों बदल लिए थे लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के समय उसके पास कोई अवैध सामग्री नहीं मिली.
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस गिरफ्तारी ने बरेली में वर्षों पुराने मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
