वायरल वीडियो में “मैं ठाकुर हूं….” कहने वाली बैंककर्मी सामने आई, रखा अपना पक्ष, बताया क्या हुआ था उस दिन ?

Astha Singh (1)
The Hindi Post

वायरल वीडियो में “मैं ठाकुर हूं….” कहने वाली बैंककर्मी सामने आई, रखा अपना पक्ष, बताया क्या हुआ था उस दिन ?

 

कानपुर से एक महिला बैंककर्मी का वीडियो सामने आया है जिसमें वो किसी से बेहद गुस्से में कह रही है “मैं ठाकुर हूं …”. वीडियो में दिख रही महिला का नाम आस्था सिंह है. अब उन्होंने सामने आकर अपना पक्ष रखा है.

ग्राहक नहीं, सहकर्मी के पति से था विवाद
रिलेशनशिप ऑफिसर के पद पर तैनात आस्था सिंह ने वीडियो जारी कर स्पष्ट किया है कि यह विवाद किसी ग्राहक (कस्टमर) के साथ नहीं था. उन्होंने बताया कि यह वीडियो 6 जनवरी का है. उन्होंने कहा कि बैंक में ही काम करने वाली उनकी एक महिला सहकर्मी के पति वहां आए थे जिनसे उनकी तीखी बहस हो गई थी. आस्था का आरोप है कि मामले को गलत तरीके से पेश कर इसे ‘कस्टमर बनाम बैंककर्मी’ का रूप दिया गया और अनावश्यक रूप से जाति का मुद्दा बनाया गया.

जाति सूचक शब्द पर दी सफाई
वीडियो में खुद को ‘ठाकुर’ बताने पर आस्था ने कहा कि वह अपने बयान पर आज भी कायम हैं. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें “ठाकुर होने पर गर्व है” और उन्होंने किसी भी ग्राहक के साथ अभद्रता नहीं की है.

उस दिन बैंक में क्या हुआ था ?

आस्था सिंह ने कहा कि जिस महिला के पति के साथ मेरी बहस हो रही है वह हमारे ही बैंक में काम करती थीं. उन्होंने अपना इस्तीफा दिया था और उन्हें उसी दिन रिलीविंग आर्डर चाहिए था. उनकी ननद सुबह से आकर बैंक के ब्रांच में बैठी हुई थीं. मेरी उनसे इस मामले को लेकर थोड़ी बहस हुई थी. इसके बाद उन्होंने अपने भाई यानी महिला के पति को बताया. महिला के पति वर्किंग आवर खत्म होने के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे बैंक आए और मेरे साथ अभद्रता की.

“महिला के पति ने सीधे मुझसे पूछा कि कौन सी जाति की हो, इतनी अकड़ है. मेरी डेस्क पर आकर कहा कि मैं तुम्हारी हेकड़ी निकाल दूंगा. तुम्हारी गर्मी निकाल दूंगा. खुद को मीडिया कर्मी बताने वाले उसके पति ने पूरे स्टॉफ के सामने बदसलूकी की. जब विरोध किया तो वीडियो बनाने लगा. वायरल करने की धमकी भी दी थी. मेरे साथ उन्होने अभद्र व्यवहार किया. इसके बाद मैंने यह स्टेटमेंट (ठाकुर हूं) दिया था.

आस्था सिंह ने यह भी कहा कि मेरे शब्द गलत हैं, मैं लोगों की सेवा के लिए बैठी हूं लेकिन कोई कहेगा कि तुम्हारी गर्मी निकाल दूंगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आस्था ने यह भी कहा कि मैंने जो बोला है कि मैं ठाकुर हूं, मैं अपने उस स्टेटमेंट पर अब भी कायम हूं. इस बात पर मुझे पूरा गर्व है. आस्था ने यह भी कहा कि वह इस घटना के बारे में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दे चुकी है.

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!