बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार किया

breaking news 22 (1)
The Hindi Post

बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार किया

 

बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को बताया कि बांग्लादेश के आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की गुंजाइश नहीं है. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से अनुरोध किया था कि उसके विश्व कप मैच भारत के बजाय किसी अन्य वेन्यू पर शिफ्ट किए जाएं, लेकिन आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया था.

‘द डेली स्टार’ के मुताबिक, आसिफ नजरुल ने बांग्लादेश टीम के खिलाड़ियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) अधिकारियों के साथ गुरुवार को एक मीटिंग के बाद पत्रकारों से कहा, “हमारे फैसले को बदलने की कोई गुंजाइश नहीं है. हमें आईसीसी से न्याय नहीं मिला. हालांकि, हमें अब भी उम्मीद है कि आईसीसी हमारे साथ न्याय करेगा. भारत में सुरक्षा की स्थिति जस की तस बनी हुई है.”

बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को मुस्तफिजुर रहमान को अपनी आईपीएल 2026 टीम से हटाने का निर्देश दिया था.

आसिफ नजरुल ने कहा, “भारत हमारे एक क्रिकेटर को सुरक्षा नहीं दे सका. उस देश में, क्रिकेट बोर्ड सरकार का ही एक हिस्सा है, जो दबाव में आने पर हमारे एक क्रिकेटर को सुरक्षा देने में या तो नाकाम रहा या हिचकिचाया.”

उल्लेखनीय है कि बुधवार को आईसीसी ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि आगामी वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मुकाबले पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही खेले जाएंगे.

तय कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश की टीम 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला खेलेगी. इसके बाद 9 फरवरी को यह टीम इटली के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. 14 फरवरी को इस टीम का सामना इंग्लैंड से होगा. यह तीनों मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने हैं. इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बांग्लादेश का सामना नेपाल से होगा.

बांग्लादेश के इस इवेंट से हटने पर स्कॉटलैंड को फायदा होगा. यह टीम फिलहाल 14वें पायदान पर है, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्वालीफाई न करने वालों में सबसे ऊंची रैंक वाली टीम है.

टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!