बालासोर रेल हादसा: CBI एक्शन में, 3 रेलवे कर्मचारियों को किया गिरफ्तार
File Photo: IANS
ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे में CBI ने शुक्रवार को रेलवे के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया.
सीबीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “सीबीआई ने इस मामले में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के रूप में तैनात अरुण कुमार महंत, सेक्शन इंजीनियर के रूप में तैनात मोहम्मद आमिर खान और तकनीशियन पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया है.”
सीबीआई अधिकारी ने कहा कि इन तीनों को भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) और 201 (साक्ष्य को नष्ट करना या छिपाना) के तहत अरेस्ट किया गया है.
ओडिशा के बालासोर में 2 जून को बहनागा बाजार रेलवे स्टेशन पर चेन्नई जाने वाली कोरोमंडल एक्सप्रेस, एक मालगाड़ी और हावड़ा जाने वाली हावड़ा-एसएमवीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. इस भीषण दुर्घटना में कम से कम 292 लोगों की मौत हो गई थी और 800 से अधिक घायल हो गए थे.
इस दुर्घटना के बाद रेलवे ने पहले रेल सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) जांच के आदेश दिए थे. इसके बाद जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
