1000 रूपए के लिए पति ने पत्नी को बेचा, दोस्तों से कराया गैंगरेप, बोला – “इसी तरह रूपए कमाउंगा……”

Rape (2)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

1000 रूपए के लिए पति ने पत्नी को बेचा, दोस्तों से कराया गैंगरेप, बोला – “इसी तरह रूपए कमाउंगा……”

 

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी पति ने चंद रुपयों के लालच में कथित तौर पर अपनी ही पत्नी का सौदा कर दिया. उसने कथित तौर पर पत्नी को दो दरिंदों के हवाले कर दिया. इस घिनौनी साजिश से अनजान महिला अपने पति की बात मानकर आरोपियों के साथ चली गई. फिर जंगल में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया.

धोखे से रची गई साजिश

पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार दोपहर उसका पति रसोई गैस कनेक्शन के कागजात बनवाने के बहाने उसे घर से लेकर निकला था. रास्ते में सुरैनी पापड़ी तिराहे पर उन्हें पप्पू और बालकिशन नाम के दो व्यक्ति मिले. पति ने उनसे कुछ देर एकांत में बात की और फिर बोला कि वह कागजी कार्रवाई के लिए वहीं रुक रहा है और ये दोनों लोग उसे बाइक से सुरक्षित घर छोड़ देंगे. पति पर भरोसा कर महिला उन दोनों के साथ बाइक पर बैठ गई.

जंगल में दरिंदगी और चौंकाने वाला खुलासा

दोपहर करीब एक बजे आरोपियों ने बलकनपुर के पास सुनसान जंगल में बाइक रोकी और महिला को खींचकर अंदर ले गए, जहां दोनों ने उसके साथ कथित तौर दुष्कर्म किया. जब महिला ने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपियों ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने इसके लिए उसके पति को एक हजार रुपये दिए हैं. विरोध करने पर दरिंदों ने उसका गला दबाने की भी कोशिश की, लेकिन महिला के कड़े संघर्ष के बाद आरोपी वहां से भाग निकले.

नेत्रहीन जेठ बना न्याय की उम्मीद

जब पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती सुनाई, तो बेशर्म पति ने ग्लानि महसूस करने के बजाय यह कह दिया कि “वह इसी तरह रुपये कमाएगा.” इस बीच परिवार के कुछ लोग लोक-लाज के डर से पुलिस के पास न जाने का दबाव बनाते रहे, लेकिन पीड़िता के नेत्रहीन जेठ ने साहस दिखाया. अपनी शारीरिक अक्षमता के बावजूद वह न्याय दिलाने के लिए अड़ गए और रविवार को अपनी बहू के साथ थाने पहुंचे.

पुलिस की कार्रवाई

फैजगंज बेहटा थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पति समेत तीनों आरोपियों (पप्पू और बालकिशन) के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और साजिश रचने की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है. फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!