सोलर सिटी बनेगी अयोध्या: योगी
Photo: CM Office GoUP/Twitter (File Photo)
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से अयोध्या को ‘सोलर सिटी’ के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह अयोध्या की पहचान को और निखारेगा।”
योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार रात को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शहर में विकास की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के मानदंडों का पालन करते हुए सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
आदित्यनाथ ने पर्यटन विभाग से कहा कि वह अयोध्या में अच्छे, कुशल और माहिर गाइड की उपलब्धता के लिए एक कार्ययोजना तैयार करें, क्योंकि पवित्र शहर जल्द ही धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनने वाला है। यह रोजगार सृजन के लिए भी बहुत उपयोगी होगा।
उन्होंने कहा, “यह पहले ही दुनिया भर के लोगों को आकर्षित कर रहा है। ब्रांड अयोध्या को विश्व स्तर पर प्रचारित किया जाना चाहिए और पेशेवर लोगों को आगे की ब्रांडिंग के लिए तैयार किया जाना चाहिए।”
निकट भविष्य में अयोध्या में देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि सम्भावित है। इसके दृष्टिगत अयोध्या में अच्छे होटलों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए आवश्यक भूमि का चिन्हांकन किया जाए: मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी pic.twitter.com/gejNAY6Abd
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) September 3, 2020
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अयोध्या के लिए विकास की योजना इस तरह बनाई जानी चाहिए, जिससे की इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत दोनों ही संरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि अयोध्या के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले स्थानों को पुन: स्थापित किया जाना है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अयोध्या के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने साथ ही परियोजनाओं पर नजर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी ने अयोध्या के सभी घाटों को संरक्षित करते हुए इनका सौन्दर्यीकरण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुप्तार घाट से नए घाट तक रिवर फ्रंट विकसित किया जाए। रिवर फ्रंट के विकास से अयोध्या में एक नवीन पर्यटन आकर्षण स्थल उपलब्ध होगा। pic.twitter.com/txtMYH7uNa
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) September 3, 2020
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि अयोध्या में हवाई अड्डे के निर्माण में बाधा बन रही सभी समस्याओं को दूर करें। हवाई अड्डे के लिए 160 एकड़ भूमि पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी है, वहीं शेष 250 एकड़ जमीन जल्द ही अधिग्रहित कर ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में आने वाले सालों में आंगतुकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए दो बस स्टेशन होने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगे निर्देशित किया कि छोटे वाहनों के लिए प्रस्तावित बहु-स्तरीय पाकिर्ंग का स्थान औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयोग किया जा सकता है। यह व्यापारियों के पुनर्वास में भी मदद करेगा।
मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी ने कहा है कि अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता है। इससे जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षित व संतुलित रहेगा, वहीं दूसरी ओर इस पवित्र नगरी को एक नई पहचान मिलेगी। pic.twitter.com/wDbxoYE4gB
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) September 3, 2020
राज्य सरकार पंचकोसी, चौदह कोसी और चौरासी कोसी मार्ग पर तीर्थयात्रियों और यात्रियों के लिए और अधिक सुविधाओं को विकसित करने की भी योजना बना रही है। हालांकि इन मार्गों पर भक्त पैदल यात्रा करते हैं, इसलिए उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने गुप्तार घाट से नया घाट तक रिवरफ्रंट के विकास का भी आदेश दिया। उन्होंने सिंचाई विभाग को राम की पैड़ी में सरयू नदी के पानी के बिना रूकावट प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले वाहनों की सुविधा के लिए सहादतगंज पर फ्लाईओवर का काम जल्द से जल्द पूरा करना होगा।
वहीं कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अयोध्या में सड़कों के चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है, साथ ही राम कथा पार्क के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से भूमि अधिग्रहण के लिए एक समान मूल्य सुनिश्चित करने को कहा है।
आईएएनएस
