आतिशी नहीं फहरा पाएंगी झंडा, जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने खारिज किया प्रस्ताव
नई दिल्ली | दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के दिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी जगह दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी को झंडा फहराने के लिए नामित किया था. उनके इस फैसले को जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (जीएडी) ने खारिज कर दिया है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस समय जेल में बंद हैं उन्होंने इच्छा जताई थी कि उनकी जगह दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी झंडारोहण करें.
दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने केजरीवाल के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि केजरीवाल की जगह आतिशी स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं. इसके लिए नियमों का हवाला दिया गया है.
दरअसल बीते सोमवार को दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने तिहाड़ में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी. उसके बाद उन्होंने दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट को 15 अगस्त के दिन झंडारोहण की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए थे और कहा था कि अरविंद केजरीवाल के मुताबिक इस बार झंडारोहण दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी करेंगी.
गोपाल राय के जारी किए गए पत्र पर जवाब देते हुए जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस सर्वोच्च संवैधानिक पवित्रता वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम हैं. उन्हें उनके योग्य कद के अनुसार मनाने के लिए विस्तृत प्रावधान है. इसमें कोई भी विचलन या अधीनता न केवल उनसे जुड़ी पवित्रता को कमजोर करेगी बल्कि वैधानिक अवैधता भी हो सकती है.
