चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज पर हमला, बाथरूम में अपने को बंद कर बचाई जान
फोटो: आईएएनएस
चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज पर हमला, बाथरूम में अपने को बंद कर बचाई जान
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज पर चलती ट्रेन में कथित तौर पर जानलेवा हमला हुआ है.
आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रयागराज की राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में तहरीर देकर बताया कि वह रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रहे थे तभी फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच उन पर हमला किया गया.
आशुतोष ब्रह्मचारी के अनुसार, वह शामली से गाजियाबाद पहुंचे थे और वहां से रीवा एक्सप्रेस के एच-1 कोच में सीट नंबर 15 पर सफर कर रहे थे. सुबह करीब पांच बजे जब वह टॉयलेट की ओर गए तभी एक युवक ने उन पर हमला कर दिया. उन्होंने किसी तरह खुद को ट्रेन के टॉयलेट में बंद कर अपनी जान बचाई. इस हमले में उन्हें कई जगह चोटें आईं है. प्रयागराज पहुंचने के बाद पुलिस ने कॉल्विन अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया.
Prayagraj, Uttar Pradesh: Ashutosh Brahmachari Maharaj says, “We had come from Sakumari Peeth in our own vehicles because our tickets were from Ghaziabad, and we arrived by the Rewa Express at around 5 a.m. Suddenly, about 10–11 people attacked us. They tried to cut off my nose… pic.twitter.com/rbGuxRyWLh
— IANS (@ians_india) March 8, 2026
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जीआरपी थाना, प्रयागराज जंक्शन में उनकी तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू हो गई है. आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत कुछ अन्य लोगों के नाम लिए हैं.
न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए आशुतोष महाराज ने कहा, “हम अपनी गाडियों से शाकुम्भरी पीठ से चलकर गाजियाबाद आए और वहां से रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज पहुंचे. सुबह 5 बजे धारदार हथियारों से मुझ पर हमला किया गया. मेरी नाक काटने का प्रयास किया गया और बाथरूम में घुसकर मैंने अपनी जान बचाई. मेरी हत्या का प्रयास कराया गया है. मैंने इलाहाबाद में एफआईआर दर्ज कराई है.”
जब उनसे यह पूछा गया कि एफआईआर में किन लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है तो आशूतोष महाराज ने कहा कि उन्होंने अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, मुकुंदानंद, अरविंद, प्रकाश और दिनेश शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि एक मुकदमे की पैरवी के लिए वह इलाहाबाद आए हैं.
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
