आदिवासी युवक को बेहरमी से पीटा फिर उसके मुंह पर कर दिया पेशाब, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आई एक्शन में

Susu AP
The Hindi Post

आंध्र प्रदेश में एक आदिवासी युवक के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट करने और उसके चेहरे पर पेशाब कर उसे अपमानित करने के आरोप में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है.

19 जून को प्रकाशम जिले के ओंगोल शहर में हुई यह घटना एक महीने बाद सोशल मीडिया पर सामने आई है. सामने आए वीडियो के अनुसार, तीन युवक बुरी तरह घायल शख्स के ऊपर पेशाब करते हुए दिख रहे है.

प्रकाशम जिले की पुलिस अधीक्षक मल्लिका गर्ग ने कहा कि घटना 19 जून की है जब पीड़ित, जो अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय से है, को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

गर्ग ने एक बयान में कहा, “पूछताछ में उसने (पीड़ित युवक) बताया कि उसके दोस्तों और उसके बीच झगड़ा हुआ था लेकिन उसने पेशाब वाली घटना का जिक्र नहीं किया था. वीडियो वायरल होने के बाद, पीड़ित ने बयान दिया कि उसके दोस्त, जो कम्मा और अन्य समुदायों से हैं, ने उसका उत्पीड़न किया और उस पर पेशाब कर दिया.”

एसपी ने कहा कि नौ आरोपियों में से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीन फरार हैं. फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है.

गिरफ्तार किए गए 6 लोगों में से 3 किशोर हैं जिन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है. एसपी ने कहा, धारा 307 और एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

इस अपराध को इसलिए अंजाम दिया गया क्योंकि पीड़ित युवक आरोपियों में से एक अभिलाष की गर्लफ्रेंड को लेकर भाग गया था और अभिलाष और उसके साथी इसका बदला लेना चाहते थे. उन्होंने युवक को डिनर करने के बहाने बुलाया और फिर उसके साथ मारपीट करने के बाद उस पर पेशाब कर दिया.

इसी तरह की एक घटना मध्य प्रदेश में भी हुई थी.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!