IIT Kanpur में फिर छात्र की मौत, छठी मंज़िल से कूदकर PhD छात्र ने दी जान, परिवार साथ……
फोटो क्रेडिट: गिरीश पंत
IIT Kanpur में फिर छात्र की मौत, छठी मंज़िल से कूदकर PhD छात्र ने दी जान, परिवार साथ……
कानपुर | देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शुमार – आईआईटी कानपुर में एक और छात्र की आत्महत्या की घटना ने पूरे परिसर को झकझोर कर रख दिया है. पीएचडी कर रहे छात्र ने हॉस्टल की छठवीं मंजिल से छलांग लगा दी जिससे गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक छात्र की पहचान राम स्वरूप ईश्वराम (25) के रूप में हुई है जो राजस्थान के चूरू जिले के रहने वाले थे और आईआईटी कानपुर के अर्थ साइंस विभाग से पीएचडी कर रहे थे. बताया जा रहा है कि स्वरूप लंबे समय से एंजाइटी और अवसाद से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था. वह अपनी पत्नी मंजू और दो वर्षीय बेटी के साथ परिसर स्थित न्यू एसबीआरए बिल्डिंग के एक फ्लैट में रहते थे.
मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने छठी मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर हालत में उन्हें आईआईटी की एंबुलेंस से एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने कहा कि छात्र मानसिक तनाव में था और उसका इलाज चल रहा था. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.
यह घटना आईआईटी कानपुर में पिछले दो वर्षों में आत्महत्या का नौवां मामला बताया जा रहा है. इससे पहले 29 दिसंबर 2025 को बीटेक फाइनल ईयर के छात्र जय सिंह मीणा ने भी हॉस्टल में आत्महत्या कर ली थी. जय सिंह मीणा पढ़ाई में पिछड़ने और प्लेसमेंट प्रक्रिया से बाहर हो जाने के कारण तनाव में थे.
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने आईआईटी कानपुर की काउंसलिंग व्यवस्था और छात्र सहायता प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. संस्थान ने मनोवैज्ञानिकों की संख्या बढ़ाने और ओपन हाउस जैसे कदम उठाए थे, इसके बावजूद घटनाओं का न रुकना चिंता का विषय बना हुआ है.
Hindi Post Dot In
