बांग्लादेश में एक और हिन्दू युवक की हत्या, मारी गई गोली, अब ये बड़ी जानकारी आई सामने
शव को पोस्टमॉर्टम परिक्षण के लिए ले जाते हुए (फोटो: आईएएनएस)
बांग्लादेश में एक और हिन्दू युवक की हत्या, मारी गई गोली, अब ये बड़ी जानकारी आई सामने
ढाका | बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का दौर जारी है. इस क्रम में अब एक और हिन्दू युवक की हत्या का मामला सामने आया है. स्थानीय मीडिया के अनुसार, मयमनसिंह जिले के भालुका उपजिला में एक हिंदू युवक की उसके ही सहकर्मी ने गोली मारकर हत्या कर दी.
मृतक की पहचान 40 वर्षीय बजेंद्र बिस्वास के रूप में हुई है जो बांग्लादेश अंसार और ग्राम रक्षा बल (अंसार) के सदस्य थे. पुलिस ने बताया कि आरोपी सहकर्मी नोमान मिया को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह घटना सोमवार शाम भालुका उपजिला के मेहराबारी इलाके में स्थित सुल्ताना स्वेटर्स लिमिटेड की फैक्ट्री में हुई. रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैक्ट्री में कुल 20 अंसार सदस्य तैनात थे. शाम का समय था. नोमान मिया और बजेंद्र बिस्वास साथ बैठे हुए थे.
प्रत्यक्षदर्शी अंसार सदस्य एपीसी अजहर अली ने बताया कि अचानक नोमान ने अपनी शॉटगन बजेंद्र की जांघ की ओर तानते हुए कहा, “क्या मैं गोली चला दूं?” और इसके बाद उसने फायर कर दिया. गोली बजेंद्र की बाईं जांघ में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. साथी कर्मचारी उन्हें तुरंत उपजिला स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अजहर अली ने यह भी कहा कि घटना से पहले दोनों के बीच कोई बहस नहीं हुई थी.
मयमनसिंह जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (वित्त एवं प्रशासन) अब्दुल्ला अल मामुन ने बताया कि मंगलवार तड़के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. मामले की गहराई से जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है.
यह घटना एक हफ्ते से भी कम समय में अल्पसंख्यकों के खिलाफ तीसरी हिंसक वारदात है और मयमनसिंह जिले में दूसरी घटना है. 24 दिसंबर को 29 वर्षीय हिंदू युवक अमृत मंडल की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या की खबर आई थी. इससे पहले 18 दिसंबर को दीपू चंद्र दास नामक 25 वर्षीय युवक को कथित तौर पर झूठे आरोपों के बाद भीड़ ने मार डाला था और शव को पेड़ से लटकाकर जला दिया था.
इन घटनाओं के बाद बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है. भारत ने भी हाल ही में बांग्लादेश में हिंदुओं, ईसाइयों और बौद्धों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर गहरी चिंता व्यक्त की है और हालात पर नजर बनाए रखने की बात कही है.
IANS/Hindi Post Dot In
