फैक्ट्री में आठ शव मिले क्षत-विक्षत अवस्था में, कुछ की नहीं हो पा रही थी पहचान

Dead Body IANS (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

विशाखापत्तनम | आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में रविवार को एक पटाखा यूनिट में विस्फोट हो गया. इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है जबकि छह अन्य घायल हो गए है.

स्थानीय पुलिस, आपातकालीन सेवाओं और दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. पुलिस ने बताया कि यह घटना कोटलावुरतला मंडल के कैलाश पट्टनम में हुई है.

पटाखा बनाने वाली यूनिट में विस्फोट के कारण आग लग गई जिससे यह पूरी तरह जल गई. विस्फोट के समय यूनिट में 14 कर्मचारी काम कर रहे थे.

इस घटना में आठ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.उनके उनके शव विस्फोट स्थल पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिले. कुछ शव इतने जल गए थे कि उनकी पहचान तक नहीं हो पा रही थी.

विस्फोट की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने के चलते बाद में उन्हें विशाखापत्तनम के किंग जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.

गृह मंत्री वी. अनीता दुर्घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने बताया कि दुर्घटना में दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई. गृह मंत्री ने मृतकों के लिए 15-15 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है.
उन्होंने अधिकारियों से घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार देने को कहा. उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए और कहा, “दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.”

मृतकों की पहचान अप्पिकोंडा ताता बाबू (50), एस गोविंद (40), देवरा निर्मला (38), पी पापा (40), जी वेणु बाबू (34), डी रामलक्ष्मी (35), हेमंत (20), एस बाबूराव (55) के रूप में हुई है. मृतकों में से पांच स्थानीय निवासी हैं जबकि बाकि जिले के अन्य गांवों से आए थे.

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और शिक्षा एवं आईटी मंत्री नारा लोकेश ने घटना पर दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात की और घटना के बारे में जानकारी ली.

जिला कलेक्टर विजय कृष्णन ने कहा कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है. उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. शवों को अनकापल्ली और नर्सीपटनम के अस्पतालों में भेज दिया गया.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!