हमास से युद्ध के बीच, इजराइल ने भारत को लेकर क्या कहा?

India Israel Depositphotos_246293994_S (1) (1)

फोटो क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट

The Hindi Post

बीते शनिवार को फिलिस्तीन के आतंकी संगठन हमास ने इजराइल पर हमला बोल दिया. इसके बाद, इजराइल ने भी पलटवार किया. दोनों के बीच जंग छिड़ गई है और इसमें सैकड़ों निर्दोष लोग भी मारे गए है.

इस सब के बीच, भारत में इजरायली राजदूत नाओर गिलोन ने कहा है कि उनके देश को भारत से मजबूत समर्थन की जरूरत होगी. उन्होंने कहा कि भारत एक प्रभावशाली देश है और वो आतंकवादी की चुनौती को समझता है.

गिलोन ने कहा, ‘हमारे देश को हमारे भारतीय मित्रों के बहुत मजबूत समर्थन की आवश्यकता होगी. भारत दुनिया में एक बहुत प्रभावशाली देश है. वह आतंकवाद की चुनौती को समझता है. इस समय यह बेहद जरूरी है कि हमें वो सब करने की क्षमता दी जाए जो हम कर सकते है ताकि हमास अपना अत्याचार जारी नहीं रख पाए.’

गिलोन ने कहा कि भारत के पास आतंकवाद की गहरी समझ है और वो आतंकवाद को लेकर अनजान नहीं है. उन्होंने कहा, ‘हमें भारत से भारी समर्थन मिला है. हम उम्मीद करते हैं कि दुनिया के सभी देश सैकड़ों इजरायली नागरिकों, महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों की अकारण हत्या और अपहरण की निंदा करेंगे. यह अस्वीकार्य है.’

पत्रकारों से बात करते हुए इजरायली राजदूत गिलोन ने आरोप लगाया कि हमलों में ईरान का हाथ है. उन्होंने कहा कि ईरान ने हमास आतंकियों को हथियारों की सप्लाई की और उन्हें ट्रेनिंग दी.

इजराइल पर हमास के हमले के बाद 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, “इजराइल में आतंकवादी हमलों की खबर से गहरा सदमा लगा है. हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ निर्दोष पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. हम इस कठिन समय में इजराइल के साथ एकजुटता से खड़े हैं.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!