गजब ! शख्स ने लॉटरी के 30 करोड़ गर्लफ्रेंड को दिए, वो रूपए लेकर किसी और के साथ हुई रफूचक्कर और फिर…
कनाडा के विन्निपेग से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लगती. लॉरेंस कैंपबेल नाम के एक शख्स ने अपनी प्रेमिका पर भरोसा कर जीवन की सबसे बड़ी गलती कर दी और अब वो भरोसा, एक भारी धोखे में बदल गया है. साल 2024 में कैंपबेल ने 5 मिलियन कनाडाई डॉलर यानी लगभग 30 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती थी. लेकिन एक छोटी सी बात उनके लिए भारी पड़ गई. उनके पास वैध पहचान पत्र नहीं था. लॉटरी अधिकारियों ने उन्हें सुझाव दिया कि वे अपनी जगह इनाम के लिए किसी ऐसे इंसान को नामित करें, जिसके पास सही पहचान हो.
कैंपबेल ने बिना देर किए अपनी गर्लफ्रेंड क्रिस्टल एन मैके को चुना. क्योंकि उनका मानना था कि प्यार पर शक नहीं किया जाता. कैंपबेल और मैके उस वक्त एक साथ रह रहे थे और उनका रिश्ता डेढ़ साल से भी ज्यादा पुराना था. कैंपबेल के पास बैंक खाता भी नहीं था, तो उन्होंने सारी राशि मैके के खाते में ट्रांसफर करवा दी. शुरुआत में सब कुछ फिल्मी तरीके से चला. दोनों ने एक वीडियो शूट किया, बड़े चेक के साथ फोटो खिंचवाई और इसे क्रिस्टल के जन्मदिन गिफ्ट के तौर पर पेश किया.
लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब कुछ ही दिनों बाद मैके अचानक गायब हो गई. कैंपबेल को लगा कि कुछ गड़बड़ है. जब वो उन्हें ढूंढने निकले, तो पता चला कि मैके अब किसी और मर्द के साथ रह रही हैं और वह अपने पुराने प्रेमी को हर जगह से ब्लॉक कर चुकी हैं.
कैंपबेल का कहना है कि ये सब उनके साथ ‘सिस्टम द्वारा कराया गया कर्म’ है. उन्होंने लॉटरी एजेंसी पर भी केस किया है कि उन्हें इस तरह की धोखाधड़ी के खतरे से पहले क्यों नहीं आगाह किया गया. वहीं मैके ने सारे आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि जो भी किया, कानूनी रूप से किया. अब यह पूरा मामला कोर्ट में है. लेकिन आम लोगों के लिए यह एक सबक भी है कि प्यार में आंखें बंद कर देने से कभी-कभी सिर्फ दिल नहीं, करोड़ों रुपये भी टूट जाते हैं.
