बेगूसराय गोलीकांड: गोली मारने वाले 4 क्रिमिनल गिरफ्तार, पुलिस ने बताया क्यों की थी बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग

Begusarai Case (1)
The Hindi Post

बेगूसराय | बिहार के बेगूसराय में बाइक सवार बदमाशों ने बीते मंगलवार (सितंबर 13 ) को अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. इस फायरिंग में 10 लोगों को गोली लगी थी. इलाज के दौरान एक शख्स की मौत हो गई थी. बाकी लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था. इस घटना को अंजाम देकर बदमाश भाग निकले थे. तब से पुलिस पर इस केस का पर्दाफाश करने का दवाब था. अब पुलिस ने इस मामले को खोल दिया है.

बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने बेगूसराय जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 30 किलोमीटर तक गोलीबारी की थी. उन्होंने कहा इससे एक शख्स की मौत हो गई थी और 9 अन्य घायल हो गए थे.

उन्होंने कहा कि इस घटना में चार आरोपी है और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि अंधाधुंध फायरिंग करने का मुख्य उद्देश्य इलाके में दहशत फैलाना था. कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पकड़े गए बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त दो देसी पिस्तौल और एक बाइक बरामद की गई है.

विज्ञापन
विज्ञापन

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सबसे पहले युवराज नाम के एक युवक को पकड़ा गया। उसने पूछताछ में जुर्म कबूल किया. युवराज ने पुलिस को बताया कि उसकी बाइक के पीछे बैठे युवक का नाम सुमित है.

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सुमित के घर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया. उसके घर से पीले रंग की टीशर्ट भी बरामद की, जिसे आरोपी ने वारदात के दौरान पहनी हुई थी.

सुमित ने पूछताछ में चुनचुन और केशव नागा नाम के दो लोगों के बारे में बताया. यह दोनों भी पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल थे. पुलिस ने दोनों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया.

कुमार ने बताया कि पहले से ही इन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. कुमार ने बताया कि अभी जांच जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं.

 
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
इनपुट्स: आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!