सपा सरकार बनी तो 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को….: अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav 23 (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

सपा सरकार बनी तो 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को….: अखिलेश यादव

 

लखनऊ | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को बड़ा चुनावी ऐलान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी, जबकि महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए पेंशन के रूप में प्रदान किए जाएंगे.

उन्होंने सरकार पर बिजली, स्वास्थ्य और महंगाई के मुद्दों पर तीखा हमला बोला. लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में बुंदेलखंड समेत विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और खाद की कमी से जूझ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है और बिजली बिलों में अनियमित बढ़ोतरी की जा रही है.

सपा मुखिया ने कहा कि स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली की ठगी के खिलाफ जनता में गुस्सा बढ़ता जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार में ठेके देने से पहले ही कंपनियों से एडवांस कमीशन लिया जाता है, जिसकी भरपाई उपभोक्ताओं से अधिक बिल वसूलकर की जाती है.

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बिजली मीटर भी ईवीएम की तरह ‘हेराफेरी’ कर रहे हैं और जनता अब इस व्यवस्था को समझ चुकी है. उन्होंने कहा कि महंगी बिजली और गैस सिलेंडर ही भाजपा का सत्ता से ‘कनेक्शन काट देंगे’. उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव के परिणाम का जिक्र करते हुए कहा कि उसी तरह 2027 विधानसभा चुनाव में भी अधिक से अधिक सीटें जीतने की रणनीति बनानी होगी. कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा को हराने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि हर सीट पर जीत सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति पर काम करना होगा.

उन्होंने सरकार को लोकतंत्र और संविधान विरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है. उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर कानून का राज बहाल होगा और सपा सभी वर्गों को न्याय मिलेगा. उन्होंने भाजपा पर समाजवादियों को बदनाम करने का आरोप भी लगाया और कहा कि भ्रामक प्रचार के बावजूद भाजपा की कोई चालाकी नहीं चलेगी. प्रदेश की जनता भाजपा से त्रस्त हो चुकी है और बदलाव चाहती है. उन्होंने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर हैं, महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है और जनता का भरोसा भाजपा से उठ चुका है.

 

सपा सरकार बनी तो 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 40 हजार वार्षिक पेंशन: अखिलेश यादव


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!