एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, सवार थे 160 यात्री, क्या है इसका कारण ?

Air India

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, सवार थे 160 यात्री, क्या है इसका कारण ?

 

कोच्चि | एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की केरल के कोच्चि में इमरजेंसी लैंडिंग हुई है. इस विमान में 160 यात्री सवार थे. तकनीकी खराबी के चलते विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई.

फ्लाइट एआईई-398 सऊदी अरब के जेद्दा से चली थी और कोझिकोड आ रही थी. पायलट को विमान के लैंडिंग गियर में दिक्कत महसूस हुई. इसके तुरंत बाद पायलट ने कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी. एयरपोर्ट अधिकारियों ने तुरंत ही इमरजेंसी प्रोटोकॉल एक्टिवेट कर दिए.

जानकारी के अनुसार, विमान सुबह करीब 9.07 बजे रनवे पर सुरक्षित लैंड हुआ. एहतियात के तौर पर रनवे पर फायर और रेस्क्यू टीमें, मेडिकल स्टाफ और सुरक्षाकर्मी तैनात थे.

लैंडिंग के बाद, विमान की जांच में पता चला कि उसके दो टायर फट गए थे. इससे पता चला कि मामला कितना गंभीर है.

कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स लिमिटेड (सीआईएएल) के अधिकारियों ने यात्रियों को टर्मिनल तक सुरक्षित पहुंचाया.

एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि सभी इमरजेंसी सिस्टम चालू थे और योजना के अनुसार काम कर रहे थे. सभी यात्रियों को एयरपोर्ट लाउंज में ठहराया गया है और उनकी आगे की यात्रा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं.

एयर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारियों ने कहा कि जल्द से जल्द कोझिकोड के लिए वैकल्पिक फ्लाइट चलाने या उचित ग्राउंड ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था करने की कोशिशें जारी हैं.

फ्लाइट में देरी या कैंसल होने की स्थिति में एयरलाइन ने आश्वासन दिया है कि यात्रियों को सड़क मार्ग से कोझिकोड पहुंचाया जाएगा. एयरलाइन के प्रतिनिधि यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट और सहायता का इंतजाम कर रहे हैं.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!