अहमदाबाद विमान हादसे पर पीएम मोदी का बयान आया, इन दो बड़े नेताओं से की बात
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
नई दिल्ली | अहमदाबाद विमान हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की है. सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने उनसे अहमदाबाद जाने के लिए कहा है. इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाए.
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है. यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है. इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएँ इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं. मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं.”
वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से भी इस पर जानकारी साझा की गई है. मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की है और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना का जायजा लिया है.
उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि वह बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने उड्डयन मंत्री को निर्देश दिया है कि वह सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं. इसके साथ ही सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं.
इस बीच जानकारी सामने आ रही है कि गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं.
गृह मंत्री अमित शाह ने विमान हादसे को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की है. उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है.
उधर, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसवीपीआईए) के प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (अहमदाबाद) फिलहाल चालू नहीं है. अगली सूचना तक इस हवाई अड्डे से विमानो का संचालन निलंबित रहेगा.
