अहमदाबाद विमान हादसा : पायलट ने दिया था मे-डे कॉल, टेक-ऑफ के तुरंत बाद प्लेन क्रैश, यहां पढ़ें पूरी टाइमलाइन

air india plane crash in ahmedabad June 12 IANS (1) (1)

एयर इंडिया का विमान क्रैश होने के बाद उठता धुआं (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

अहमदाबाद | अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर टेक-ऑफ के बाद क्रैश हो गया. हादसे के समय विमान में दो पायलट और 10 केबिन क्रू समेत 242 लोग सवार थे. इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं. ये वीडियो दर्दनाक मंजर को बयां कर रहे हैं. ऐसे में टाइमलाइन के जरिए आपको घटना के बारे में विस्तार से बताते हैं.

एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 ने भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरी थी.

रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान एयरपोर्ट की सीमा के बाहर जमीन पर गिर गया और उसके तुरंत बाद घटनास्थल से आसमान में काला धुआं उठता हुआ देखा गया.

विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर आईजीपी परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ. हादसे के समय विमान में केबिन क्रू के 12 सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे. विमान का संचालन कैप्टन सुमित सबरवाल कर रहे थे जिनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे.

कैप्टन सुमित सभरवाल एक एलटीसी हैं और उनके पास 8,200 घंटे का उड़ान अनुभव है, जबकि को-पायलट के पास 1,100 घंटे का उड़ान अनुभव था.

विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे. इस विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी भी सवार थे. इस हादसे में उनकी भी मौत हो गई है.

इस हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास की सभी सड़कों को बंद कर दिया गया और बचाव एवं राहत अभियान के लिए मौके पर फायर बिग्रेड समेत रेस्क्यू टीम भेजी गई.

इसके अलावा, अस्पताल में करीब 1,200 बेड का इंतजाम किया गया है.

दूसरी ओर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसवीपीआईए) के प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा फिलहाल चालू नहीं है. अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है.

इस हादसे को लेकर एयर इंडिया की तरफ से बताया गया, “फ्लाइट एआई171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी जब वह दुर्घटना का शिकार हो गई.”

IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!