सीमा-सचिन को फिल्म के बाद अब मिला लाखों रूपए की सैलरी का जॉब ऑफर
फाइल फोटो (क्रेडिट: आईएएनएस)
ग्रेटर नोएडा | पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और सचिन मीणा के आर्थिक तंगी से जूझने की खबर सामने आने के बाद अब इस कपल को एक के बाद एक जॉब के ऑफर मिल रहे हैं.
सबसे पहले इस कपल को फिल्म निर्माता अमित जानी की ओर से उनकी फिल्म में काम करने का ऑफर मिला और अब सीमा और सचिन को गुजरात से एक पत्र आया है जिसमें एक बिजनेसमैन ने उन्हें 6-6 लाख रुपये का सालाना पैकेज ऑफर किया है.
पत्र में कहा गया है कि दंपत्ति कभी भी आकर नौकरी ज्वाइन कर सकते हैं.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दंपत्ति को सोमवार को रबूपुरा पोस्ट ऑफिस से एक लिफाफा मिला. लिफाफे पर गुजरात का पता लिखा था.
लिफाफा, जिसमें एक ऑफर लेटर था, मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में सीमा और सचिन द्वारा खोला गया.
ऑफर लेटर में गुजरात के एक बिजनेसमैन ने सीमा और सचिन दोनों को 50,000 रुपये प्रति माह वेतन देने की पेशकश की है. ऑफर लेटर में यह भी लिखा था कि वे जब चाहें आकर नौकरी ज्वाइन कर सकते हैं.
सीमा और सचिन को जॉब ऑफर करने वाले बिजनेसमैन की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है.
सीमा और सचिन दोनों पुलिस की निगरानी में हैं और सचिन फिलहाल कोई काम नहीं कर रहा है. इस दंपति की दुर्दशा और गरीबी की कहानियां सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.
सीमा का एक वीडियो भी ऑनलाइन सामने आया है, जिसमें वह अपने पति की कमाई और उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जाहिर करती नजर आ रही हैं.
आईएएनएस
