23 नए कोरोना मामले सामने आने के बाद, स्कूलों में लागू हो सकते है कोविड दिशानिर्देश

Covid IANS (1)
The Hindi Post

बेंगलुरु | कर्नाटक में कोविड मामलों की संख्या में वृद्धि के मद्देनजर, राज्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी स्कूली बच्चों के लिए दिशानिर्देश लागू करने पर विचार कर रहे हैं.

सूत्रों के मुताबिक, विभाग स्कूलों की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और जनवरी के पहले सप्ताह में दिशानिर्देश लागू करने पर विचार कर रहा है.

विशेषज्ञों ने कर्नाटक में जनवरी के पहले और दूसरे सप्ताह में कोविड मामलों की संख्या चरम पर होने की भविष्यवाणी की है.

स्कूलों में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य करने पर विचार हो रहा है. राज्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अन्य उपायों के अलावा मॉर्निंग प्रेयर के दौरान सामाजिक दूरी, बैठने की व्यवस्था और स्कूल परिसर को साफ कराने पर भी विचार कर रहे हैं.

कर्नाटक के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु में कोविड के 23 नए सकारात्मक मामले सामने आए हैं. एक-एक मामला दक्षिण कन्नड़ और बेंगलुरु ग्रामीण जिलों से भी सामने आया है. इससे राज्य में कुल मामले 25 हो गए हैं.

बेंगलुरु ग्रामीण डीसी डॉ. एन. शिवशंकर ने शुक्रवार को देवनहल्ली तालुक के नल्लूर के एक बच्चे में कोविड संक्रमण की पुष्टि की. बच्चे को पहले बुखार और सर्दी के कारण स्पर्श मक्कल धाम में भर्ती कराया गया था. बच्चे को अब अलग कर दिया गया है और तालुक अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है.

विभाग ने कहा कि कुल सक्रिय रोगियों की संख्या 92 से बढ़कर 105 हो गई है. इनमें से 85 घर में क्वारंटाइन है जबकि 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. नौ का इलाज आईसीयू में किया जा रहा है.

पिछले 24 घंटों में 2,263 कोविड परीक्षण किए गए.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!