अब नहीं होगी मनमानी ! सरकार ने दो नई एयरलाइंस को दी मंजूरी, जानिए इनके बारे में…..
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
अब नहीं होगी मनमानी ! सरकार ने दो और नई एयरलाइंस को दी मंजूरी, जानिए इनके बारे में…..
जब देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का सिस्टम हाल ही में अचानक लड़खड़ा गया तो हजारों यात्री देशभर के हवाई अड्डों पर घंटों फंसे रहे थे. इस घटना ने भारतीय एविएशन सेक्टर की एक बड़ी सच्चाई उजागर कर दी और वो यह कि देश में हवाई यात्रा कुछ गिनी-चुनी कंपनियों पर ही निर्भर है. लेकिन अब यात्रियों के लिए राहत की खबर है. केंद्र सरकार ने इस एकाधिकार को तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दो नई एयरलाइंस ‘अल हिंद एयर’ और ‘फ्लाई एक्सप्रेस’ को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर दिया है.
फिलहाल भारतीय आसमान पर दो बड़े समूहों—इंडिगो और टाटा समूह (एयर इंडिया)—का दबदबा है. आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू उड़ानों में करीब 90 प्रतिशत यात्री इन्हीं दोनों कंपनियों के विमानों से सफर करते है. ऐसे में किसी एक एयरलाइन में तकनीकी खराबी या ऑपरेशनल संकट आने पर पूरा नेटवर्क प्रभावित हो जाता है और इसका सीधा खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ता है.
इसी जोखिम को कम करने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने नई एयरलाइंस को बढ़ावा देने की पहल तेज कर दी है. केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि सरकार बाजार में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा चाहती है ताकि किराए नियंत्रित रहें और सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर हो.
आपको बता दे कि ‘अल हिंद एयर’ केरल स्थित अलहिंद ग्रुप का हिस्सा है जो ट्रैवल और टूरिज्म सेक्टर में पहले से सक्रिय है जबकि हैदराबाद की ‘फ्लाई एक्सप्रेस’ को कार्गो और कूरियर सेवाओं का अनुभव है. इसके अलावा ‘शंख एयर’ को भी पहले ही एनओसी मिल चुकी है. यह एयरलाइन उत्तर प्रदेश के कई शहरों को जोड़ने की योजना बना रही है. सरकार की उड़ान योजना के तहत ये नए खिलाड़ी टियर-2 और टियर-3 शहरों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे और यात्रियों के पास भी यात्रा करने के लिए ज्यादा विकल्प होंगे.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
