कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा को धमकाने वाला ……
कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा को धमकाने वाला ……
मुंबई | मशहूर कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा को धमकी देने के आरोपी को मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान दिलीप चौधरी के रूप में हुई है. दिलीप को पश्चिम बंगाल के 24 परगना से पकड़ा गया है.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. पश्चिम बंगाल से आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे मुंबई लाया गया. यहां पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया. इसके बाद अदालत ने आरोपी को 30 सितंबर तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में रखने का आदेश दिया.
बता दें कि कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर कुछ समय पहले फायरिंग हुई थी. कपिल के ‘कैप्स कैफे’ में दो बार फायरिंग होने की घटना ने सनसनी मचा दी थी. पिछले महीने की 7 तारीख को हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी.
सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया गया था कि कपिल को पहले फोन पर चेतावनी दी गई थी जिसे उन्होंने नजरअंदाज किया था. इसके बाद कैफे पर हमला हुआ और धमकी दी गई कि अगर वह अब भी नहीं मानें तो अगली कार्रवाई मुंबई में होगी. इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी.
इससे पहले जुलाई में फायरिंग की पहली घटना हुई थी. बब्बर खालसा से जुड़े हरजीत सिंह ने कैफे पर 9 गोलियां चलाई थीं. कैफे उस समय बंद था इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ था. उस हमले को कपिल के शो में निहंग सिखों की वेशभूषा पर की गई टिप्पणी से जोड़ा गया था.
फायरिंग की दूसरी घटना के बाद क्राइम ब्रांच अब कपिल शर्मा से दोबारा पूछताछ करेगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या गैंग के सदस्यों ने कपिल के घर या शूटिंग सेट के आस-पास रेकी की थी.
