सैफ अली खान पर हमला करने के आरोपी शख्स ने खुद को बताया बेगुनाह, दायर ….
मुंबई | बॉलीवुड सुपरस्टार सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद ने मुंबई सेशन कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है. इस याचिका में आरोपी ने कहा कि वह निर्दोष है और उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है.
दरअसल, सैफ अली खान पर यह हमला 16 जनवरी की सुबह तब हुआ था.
सैफ को कई जगह चोट आई थी. अपनी चोटों के बावजूद सैफ बेटे तैमूर के साथ खुद ही अस्पताल पहुंचे थे.
शरीफुल इस्लाम शहजाद ने अपने वकील के माध्यम से दायर याचिका में दावा किया कि एफआईआर गलत तरीके से दर्ज की गई थी और उन्होंने पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया है.
शहजाद की कानूनी टीम का कहना है कि चूंकि सारे सबूत पहले से ही पुलिस के पास हैं इसलिए उनसे छेड़छाड़ नहीं हो सकती. लिहाजा उसे जमानत दी जानी चाहिए.
फिलहाल अभी यह मामला बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रहा है. यह मुंबई सेशन कोर्ट के अधिकार क्षेत्र में आता है. एक बार पुलिस चार्जशीट दाखिल कर देगी, तो मामला सेशन कोर्ट में ट्रांसफर हो जाएगा. हालांकि, चार्जशीट अभी तक दाखिल नहीं हुई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्टरों ने सैफ के घाव से 2.5 इंच का चाकू निकाला था. अभिनेता को छह चाकू के घाव लगे थे जिनमें से दो गंभीर थे. ये दो घाव उनकी रीढ़ के पास लगे थे.
यह घटना 16 जनवरी की सुबह 2:15 बजे हुई थी जब कथित तौर पर आरोपी ने घर में घुसकर घरेलू सहायक पर हमला किया था और फिर जब सैफ ने बीच-बचाव किया था तो उसने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया था.
जांच से पता चला था कि आरोपी एक बांग्लादेशी नागरिक है जिसने अमीर व्यक्ति को लूटने की योजना बनाई थी ताकि वह अपनी मां का इलाज करवा सके.
यह भी जानकारी सामने आई थी कि शहजाद को यह नहीं पता था कि सैफ एक सेलिब्रिटी है. उसने सैफ के घर को इसलिए निशाना बनाया था क्योंकि यह एक आलीशान अपार्टमेंट कॉम्पलेक्स था.
