नेपाल में विमान हुआ क्रैश, सवार थे 19 यात्री, घटनास्थल पर दिखा धुंए का गुबार
पड़ोसी देश नेपाल में बड़ी घटना घट गई है. वहां एक यात्री विमान क्रैश हो गया है. दरअसल, काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईए) पर सौर्य एयरलाइंस का विमान उड़ान भरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. इस दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर है.
काठमांडू पोस्ट ने टीआईए के प्रवक्ता सुभाष झा के हवाले से रिपोर्ट किया कि पोखरा जा रहा विमान उड़ान भरने के दौरान रनवे से बाहर निकल गया और यह दुर्घटना हो गई.
विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 19 लोग सवार थे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना स्थल से अठारह शव बरामद किए गए हैं.
झा ने काठमांडू पोस्ट को बताया कि कैप्टन एमआर शाक्य को अस्पताल ले जाया गया है.
Saurya Airlines aircraft crashes during takeoff in Tribhuvan International Airport, Kathmandu. 19 people were aboard the Pokhara-bound plane. #Nepal #SauryaAirlines #planecrash pic.twitter.com/FgASpiHiIN
— Aviator Amarnath Kumar (@aviatoramarnath) July 24, 2024
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विमान रनवे के दक्षिणी छोर (कोटेश्वर की ओर) से उड़ान भर रहा था और अचानक पलट गया तथा पंख का सिरा जमीन से टकरा गया. विमान में तुरंत आग लग गई. इसके बाद विमान रनवे के पूर्वी हिस्से में बुद्ध एयर हैंगर और रडार स्टेशन के बीच स्थित खाई में जा गिरा.
हवाई अड्डे पर धुएं का घना गुबार देखा गया.
पुलिस और दमकलकर्मी दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान चला रहे हैं.
और जानकारी मिलने पर इस खबर को अपडेट किया जाएगा.
