पैसेंजर बस और स्कूल बस में जोरदार टक्कर, स्कूल बस के उड़े परखच्चे, कई बच्चे….

accident

हादसे के बाद स्कूल बस के परखच्चे उड़ गए (Photo: IANS)

The Hindi Post

गोपालगंज | बिहार के गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक स्कूल और यात्री बस के बीच भीषण टक्कर हो गई. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन कई छात्र घायल हो गए हैं.

जानकारी के मुताबिक इस हादसे में छह छात्र घायल हुए हैं. सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा मीरगंज थाना क्षेत्र के छाप गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 531 पर हुआ.

सिवान के अमलोरी सरसर स्थित एक निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर मीरगंज से स्कूल जा रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक यात्री बस से उसकी टक्कर हो गई.

इस हादसे में करीब छह छात्र घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद सिवान सदर अस्पताल भिजवाया गया.

घटना की सूचना पर मीरगंज पुलिस और हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.

हादसा होने के बाद एनएच-531 पर कुछ देर के लिए जाम लग गया, जिससे कई वाहन देर तक जाम में फंसे रहे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.

घायल बच्चों में किसी के हाथ के तो किसी के चेहरे और पैर में चोट लगी है.

हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि घायल बच्चों की हालत खतरे से बाहर है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बताया जा रहा है कि यात्री बस तेज रफ्तार में थी, जो सीधे आकर स्कूल बस से टकरा गई.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!