सांप ने डस लिया तो उसे जेब में रखकर अस्पताल पहुंच गया शख्स, फिर उसे डॉक्टर के टेबल पर रखकर कहा – सांप ने मुझे काटा…”

SNAKE BITEN MAN

जिंदा सांप को जैकेट के अंदर रखकर इलाज कराने पहुंचा शख्स / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)

The Hindi Post

सांप ने डस लिया तो उसे जेब में रखकर अस्पताल पहुंच गया शख्स, फिर उसे डॉक्टर के टेबल पर रखकर कहा – सांप ने मुझे काटा…”

 

मथुरा जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक ई-रिक्शा चालक इलाज के लिए जिंदा सांप लेकर पहुंच गया और उसे चिकित्सक की टेबल पर रख दिया. अचानक सांप दिखने से डॉक्टरों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए चालक को तत्काल इमरजेंसी से बाहर कर दिया गया. बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उसका इलाज शुरू किया गया.

लक्ष्मी नगर निवासी दीपक राजपूत पेशे से ई-रिक्शा चालक हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. सोमवार शाम वह ई-रिक्शा से वृंदावन की ओर जा रहे थे. तभी वाहन में छिपे एक सांप ने उनके हाथ में काट लिया. घबराए बिना दीपक ने सांप को पकड़ लिया और अपनी जैकेट की जेब में रखकर सीधे जिला अस्पताल पहुंच गए.

इमरजेंसी में पहुंचते ही उन्होंने सांप को डॉक्टर की टेबल पर रख दिया जिसे देखकर वहां मौजूद चिकित्सक और स्टाफ चौंक गए. स्थिति बिगड़ती देख चालक को बाहर कर दिया गया. इलाज में देरी होने पर चालक ने नाराजगी जताई और हंगामा शुरू कर दिया.

मामले की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पहले सांप को सुरक्षित तरीके से छुड़वाया और इसके बाद चिकित्सकों ने चालक का उपचार शुरू किया.

सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने कहा कि चालक जिंदा सांप लेकर इमरजेंसी में पहुंच गया था जिससे अन्य मरीजों को परेशानी हुई. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उसे आवश्यक इंजेक्शन लगाया गया और प्राथमिक उपचार दिया गया.

 

Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!