अस्पताल में लगी भीषण आग, एक की मौत, मरीजों का दम घुटने लगा, शीशे तोड़कर उन्हें निकाला गया बाहर

Fire in Delhi hospital one killed (1) (1)
The Hindi Post

अस्पताल में लगी भीषण आग, एक की मौत, मरीजों का दम घुटने लगा, शीशे तोड़कर उन्हें निकाला गया बाहर

 

नई दिल्ली | पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार स्थित एक अस्पताल में भीषण आग लग गई जिससे मरीजों में हड़कंप मच गया. सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत की खबर आ रही है.

यह घटना शाहदरा के आनंद विहार थाना क्षेत्र में स्थित कॉसमॉस स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल की है जहां अचानक आग लग गई. आग लगने से पूरे अस्पताल में धुआं भर गया जिससे मरीजों का दम घुटने लगा.

उन्हें तुरंत रेस्क्यू कर पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में काम करने वाले लोगों को भी बेहोशी की हालत में रेस्क्यू किया गया.

दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. इसके साथ ही मरीजों को निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की आधुनिक मशीनों का प्रयोग किया गया.

इस दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर का प्रयोग कर अधिकारियों ने अस्पताल के अंदर प्रवेश किया. अस्पताल के शीशे को तोड़कर मरीजों और स्टाफ को बाहर निकाला गया. स्टाफ ने बताया कि धुएं की वजह से चारों ओर अंधेरा था. सांस लेने में दिक्कत हो रही थी.

घटना के बाद दमकल विभाग के अधिकारी अशोक कुमार जायसवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कॉसमॉस स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के ग्राउंड फ्लोर में दोपहर 12:12 बजे आग लगी और धुआं ऊपर वाले फ्लोर की ओर से उठ रहा था. मौके पर फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां पहुंचीं. फायर ब्रिगेड की दो टीमें बनाई गईं थी. एक टीम मरीजों का रेस्क्यू कर रही थी और दूसरी टीम आग बुझा रही थी. करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया.

अधिकारी ने बताया कि अस्पताल से 11 लोगों का रेस्क्यू किया गया जिसमें से एक की मौत हो गई. मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है जो अस्पताल में काम करता था.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!