फ्लाईओवर पर दौड़ रही थी तेज रफ्तार कार, अचानक हवा में झूलने लगी…, VIDEO
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जनपद के नेशनल हाईवे 24 पर सोमवार को एक कार चालक गूगल मैप के चक्कर में निर्माणाधीन पुल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. कार पुल से झूलती रही. बताया जा रहा है कि गूगल मैप और गलत डाइवर्जन की वजह से कार सवार पुल पर चढ़कर दुर्घटना का शिकार हो गया.
दरअसल, सोनौली-गोरखपुर हाईवे पर निर्माण कार्य चल रहा है. फरेंदा के पास पुल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है. इसी दौरान एक लखनऊ नंबर की कार गूगल मैप के जरिए नेपाल जाना चाह रही थी. कार चालक गूगल मैप के सहारे आगे बढ़ रहा था, लेकिन पुल खत्म हो गया. जब तक चालक कुछ समझ पाता, कार अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल से टकरा गई और नीचे की तरफ लटक गई. पुल पर लगी सरिया से गाड़ी फंस गई और झूलने लगी. स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके अलावा, गाड़ी को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है.
बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब गूगल मैप ने धोखा दिया हो. उत्तर प्रदेश के बरेली में गूगल मैप के सहारे यात्रा कर रहे तीन कार सवार युवकों की निर्माणाधीन पुल से गिरकर मौत हो गई थी. इसी तरह ग्रेटर नोएडा में भी एक कार गूगल मैप के सहारे चल रही थी और वह गहरे नाले में जा गिरी. इस हादसे में भी एक व्यक्ति की मौत हुई थी. गूगल मैप के भरोसे गाड़ी चलाना अब जानलेवा साबित होने लगा है.
The passengers in a sedan narrowly escaped death when their vehicle fell from an incomplete flyover in #Maharajganj district. The incident occurred while the driver was following navigation instructions from #GoogleMaps. pic.twitter.com/4Cryv54iRP
— Arvind Chauhan (@Arv_Ind_Chauhan) June 9, 2025
