गर्दन की हड्डी तक कट गई… चाइनीज मांझे की धार ने छीनी युवा डॉक्टर की जिंदगी
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
गर्दन की हड्डी तक कट गई… चाइनीज मांझे की धार ने छीनी युवा डॉक्टर की जिंदगी
जौनपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक युवा डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब 28 वर्षीय डॉक्टर समीर हाशमी बाइक से घर लौट रहे थे. रास्ते में तेज धार वाले मांझे की डोर अचानक उनकी गर्दन में फंस गई. इससे उनका गला बुरी तरह कट गया. मांझे की धार इतनी तेज थी कि गले की हड्डी तक क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा.
घटना के बाद डॉक्टर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर हालत के कारण न तो हिल पाए और न ही हेलमेट निकाल सके. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह दर्दनाक हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे लाइन बाजार थाना क्षेत्र के प्रसाद चौराहे पर हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
मृतक डॉक्टर समीर हाशमी केराकत क्षेत्र के निवासी थे. वह केराकत में अपनी क्लिनिक संचालित करते थे. वह मेडिसिन के साथ-साथ हड्डी रोग के भी चिकित्सक थे.
परिजनों के अनुसार, समीर सुबह किसी डॉक्टर से मिलने जाने की बात कहकर घर से निकले थे. पिता मुकीम ने त्योहार के कारण बाहर न जाने की सलाह दी थी लेकिन समीर नहीं माने. हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
Hindi Post Dot In
